10 मुकदमों में वांछित है पूर्व विधायक
■ ससुराल में पत्नी से मिलने आता था
प्रयागराज । पूर्व विधायक एक लाख इनामी अशरफ पिछले ढाई साल से प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर ही अपना ठिकाना बनाया था। उसे प्रयागराज व कौशांबी पुलिस के अलावा एसटीएफ भी ट्रेस नहीं कर सकी। पुलिस रिकॉर्ड से पता चला इनामी अशरफ दोहरे हत्याकांड समेत 10 मुकदमों में वांछित है।
धूमनगंज पुलिस ने अशरफ को शरण देने के आरोप में उसके चारों सालों समेत आठ को गिरफ्तार किया था। पत्नी समेत अन्य से पूछताछ में पता चला था कि वह कौशांबी स्थित अपने ससुराल में पत्नी से मिलने आता था। 2018 और 2019 में उसकी लोकेशन धूमनगंज और सिविल लाइंस में मिली थी लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। पुलिस रिकॉर्ड से पता चला कि अशरफ के खिलाफ कुल 30 मुकदमे दर्ज है, जिसमें वह लगभग 10 मुकदमों में वांछित है। इन मुकदमों में अलकमा और सुजीत हत्याकांड भी शामिल है। दोहरे हत्याकांड के अलावा अशरफ पर चार मुकदमे कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने पर धारा 174 ए के तहत दर्ज है । वहीं एक मुकदमा गैंगस्टर से जुड़ा है। हाल ही में अशरफ के खिलाफ लाइसेंसी असलहा जमा न करने पर धूमनगंज पुलिस ने उसके खिलाफ 30वां मुकदमा दर्ज किया था।

