हाई वोल्टेज विद्युत की चपेट में आने से किशोर की मौत, मां-बाप घायल
रतनपुरा /मऊ। जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के गहना ग्राम पंचायत अंतर्गत अवरनापुर गांव में हाई वोल्टेज विद्युत की चपेट में आने से एक किशोर की जहां दर्दनाक मौत हो गई ,वहीं उसके मां-बाप गंभीर रूप से झुलस गए। जिनका उपचार मऊ के एक निजी चिकित्सालय में चल रहा है। घटना 10/11 अप्रैल की रात्रि 1:30 बजे के लगभग की है।
बताया जाता है कि शनिवार की रात्रि 1:30 बजे के लगभग गांव में जब आंधी और बूंदाबांदी शुरू हुई, उसी दौरान गांव के ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ, और उसी दौरान विद्युत तार में हाई वोल्टेज विद्युत प्रवाहित होने लगा। जिसकी चपेट में हर्षित यादव पुत्र राजेश यादव 13 वर्ष आ गया । हर्षित यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई । वह सातवीं कक्षा का विद्यार्थी था। वही मृतक हर्षित को चारपाई से नीचे गिरा पड़ा देख कर के उसके पिता राजेश यादव और उसकी मां सुनीता यादव जब उसे उठाने का प्रयास किए तो वह भी हाई वोल्टेज विद्युत की चपेट में आकर के गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने सभी को तत्काल फातिमा चिकित्सालय ले गए ,जहां पर हर्षित को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके पिता राजेश यादव और उसकी मां सुनीता यादव को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परंतु उनका उपचार मऊ के ही एक निजी चिकित्सालय में चल रहा है। इस घटना से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।

