हल्दीरामपुर में डीह बाबा एंव मां काली की पूजा सम्पन्न
■ ग्रामवासियों के सुख व समृद्धि की मागी गई दुआयें
बिल्थरा रोड /बलिया। क्षेत्र के हल्दीरामपुर गांव में सोमवार को डीह बाबा व मां काली की विधिवत पूजा की गई। इस दौरान ग्रामवासियों को संक्रामक बीमारियों तथा महामारी
से बचाने व उनके सुख समृद्धि की कामना की गई। हल्दीरामपुर ग्राम सभा के छपिया टोला स्थित डीह बाबा स्थान पर सोमवार को ग्रामीणों ने परम्परागत तरीके से गांव के डीह बाबा का पूजन – अर्चन किया।
प्रत्येक वर्ष होने वाले इस कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने के लिए गांव के प्रत्येक सदस्यो ने बढ़-चढ़ कर सहयोग किया। गांव के पुरोहित आशुतोष तिवारी ने जहां डीह बाबा व श्री लाल मणि ब्रम्ह बाबा के स्थान पर पूजन एवं हवन सम्पन्न कराया वही पंथी सुनेश्वर जी महाराज, मनोज प्रसाद, अनिल कुमार उर्फ घुरा साधु द्वारा यथाशक्ति चढ़ावा चढ़ा कर डीह बाबा व काली मां को प्रसन्न करने का प्रयास किया गया ताकि गांव की प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा हो सके। इसके पूर्व ग्रामीणों ने घाघरा नदी से घड़े में जल लाकर गांव का सीमांकन भी किया। सीमांकन करने के पीछे मान्यता यह है कि जिस सरहद तक गांव का सीमांकन किया जाता है, उस सरहद के अंदर बुरी बलाएं नहीं आती हैं ।पूजन-अर्चन के दौरान छपिया सहित अगल बगल के गांवो से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं के डीह बाबा व काली मां के जयकारे से पूरा पूजा स्थल गुंजायमान हो गया। इस दौरान पनिसरा, तारनपुर, पोखरापर, कटहलबारी, सड़कपर, रामलीला बारी, छपिया, नारापार, बांसलाल आदि टोलो के श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम में व्यवस्थापक व नेहरू युवा मंडल के संरक्षक सी पी सिंह विसेन, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजा राम, राम कृपाल राजभर, बेचन प्रसाद, बृजभान यादव, राधा चौधरी, बबलू प्रसाद, रवि सिंह, लल्लन प्रसाद, जागा राम आदि का भरपूर सहयोग रहा। प्रसाद का वितरण का कार्य नेयुमं के कार्यकर्ताओं ने किया।

