Uncategorized

सोनाडीह में पुलिस चौकी स्थापना की मांग, हत्या व लूट के कई मामले से जुड़े हैं इस मार्ग से

(अशोक जायसवाल)
◆पूर्व डीजीपी के दिशा निर्देश के बावजूद चौकी की स्थापना न होना अनेक सवाल खड़ा कर रहा है

बिल्थरारोड/बलिया़। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में पुलिस चौकी की स्थापना न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। अपराधियों का अपराध कर बिल्थरारोड-सोनाडीह मार्ग से सकुशल निकल भागने की कई वारदात के बावजूद पुलिस चौकी स्थापना को लेकर हो रही देरी से लोग आश्चर्यचकित हैं। मऊ-बलिया को जोड़ने वाले सोनाडीह गांव में पुलिस चौकी स्थापना को लेकर पूर्व डीजीपी रिजवान अहमद के दिशा निर्देश के बावजूद इसकी स्थापना का न होना अनेक सवाल खड़ा कर रहा है। फिलहाल इस सम्बन्ध में विधायक धनन्जय कन्नौजिया के प्रदेश के मुख्य सचिव व डीजीपी से वार्ता के बाद एक बार फिर इसकी स्थापना को लेकर प्रस्ताव भेजने की तैयारी चल रही है। इस मामले में अब नवागत एसपी श्रीपर्णा गांगुली के अगले कदम पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।
मां भागेश्वरी व परमेश्वरी की शक्तिपीठ के रूप में विख्यात सोनाडीह गांव जो मऊ-बलिया व देवरिया जिले की सरहद पर स्थित है। चैत्र नवरात्रि में यहां लगने वाले मेले में दूर-दराज के लोग अपनी इच्छापूर्ति के लिए प्रार्थना करने आते रहते हैं। धार्मिक स्थल के रूप में प्रसिद्ध यह स्थान फिलहाल अपराधियों द्वारा अपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर सुरक्षित निकल भागने का रास्ता बन चुका है। पूर्व में हुई कई अपराधिक घटनायें जिसमें सोनाडीह गांव स्थित ग्रामीण बैंक के मैनेजर एके सिंह से छिनैती, तारिक हत्याकांड, चाय विक्रेता राजनाथ खरवार हत्याकांड, स्वर्ण व्यवसायी प्रेमचंद लूट एवं हत्याकांड इस मार्ग पर ही घटित चुकी हैं। यहां तक कि प्रसिद्ध खैराकुटी के महन्त रामेश्वरदास की हत्या के पश्चात उनकी मारूती कार लेकर हत्यारा इसी मार्ग से भागने में सफल रहा था। दो वर्ष पूर्व रंगदारी मांगने के मामले के शिकार व्यापारी भी इसी मार्ग से जुड़े हुए थे। सपा के पूर्व विधायक गोरख पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव व नपं अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्त ने कुछ वर्षों पूर्व बिल्थरारोड में तत्कालीन डीजीपी के स्वागत समारोह में सोनाडीह में पुलिस चौकी स्थापना की मांग की थी। स्थानीय होने के चलते डीजीपी रिजवान अहमद इसकी स्थापना की गंभीरता को समझते हुए बकायदा निर्देश भी जारी किये। उनके निर्देश का असर रहा कि चौकी स्थापना को विभागीय अधिकारियों द्वारा भूमि निर्धारण का कार्य शुरू कर दिया गया। परन्तु उनके सेवानिवृत होते ही यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया। चौकी स्थापना को क्षेत्रीय विधायक धनन्जय कन्नौजिया प्रदेश के मुख्य-सचिव व डीजीपी से मुलाकात की। विधायक के वार्ता के बाद सोनाडीह में पुलिस चौकी स्थापना को पुनः प्रस्ताव भेजने की तैयारी शुरू हो गयी है। इस सम्बन्ध में नवागत एसपी का अगला कदम क्या रहता है इसको लेकर क्षेत्रवासियों की निगाहे उन पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *