शिक्षा : इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन करें
इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक सहित अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। इसबीच इविवि से संबद्ध यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज (ईसीसी) की प्रवेश प्रक्रिया भी सोमवार से शुरू हो गई। इस कॉलेज में ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन आवेदन भी लिए जाएंगे।
अब 19 और 21 मई को होगी प्रवेश परीक्षा
इविवि में स्नातक प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पांच मई तक लिए जाएंगे। प्रवेश के लिए अलग वेबसाइट www.auadmissions.com बनाई गई है। इसका लिंक इविवि की वेबसाइट www.allduniv.ac,in से प्राप्त किया जा सकता है। 12 मई को स्नातक प्रवेश परीक्षा के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. एचएस उपाध्याय ने बताया कि पहले स्नातक प्रवेश परीक्षा 19 और 20 मई को होनी थी लेकिन 20 मई को आईआईटी-जेईई की परीक्षा होने के कारण अब बीस को होने वाली परीक्षा 21 मई को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक कराई जाएगी। निदेशक ने वेबसाइट के माध्यम से छात्रों से अपील की गई है कि वे प्रवेश संबंधी किसी भी प्रकार की सूचना इविवि की वेबसाइट अथवा प्रवेश के लिए अधिकृत वेबसाइट से ही प्राप्त करें। किसी अन्य वेबसाइट पर दी गई सूचना पर कत्तई विश्वास न करें। कुछ वेबसाइट पर इविवि के प्रवेश संबंधी गलत जानकारी दी जा रही है, जिसकी वजह से भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
ईसीसी में 13 जून तक होंगे आवेदन
अल्पसंख्यक संस्थान होने के कारण इविवि से संबद्ध होने के बाद भी ईसीसी अपनी प्रवेश परीक्षा अलग से कराता है। इस कॉलेज में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए समेत स्नातक के अन्य पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन कॉलेज की वेबसाइट www.ecc.ac.in पर सोमवार से शुरू हो गए। ऑफलाइन आवेदन तीन मई से शुरू होंगे। दोनों ही माध्यमों से आवेदन की अंतिम तिथि 13 जून है। ऑनलाइन आवेदन का शुल्क 750 और ऑफलाइन का 900 रुपये है। स्नातक में प्रवेश के लिए परीक्षा 16 एवं 18 जून को होगी। 25 जून को प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा और 26 को काउंसिलिंग होगी। ईसीसी में पीजी प्रवेश के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन तीस अप्रैल से शुरू हो गए। 26 जून तक आवेदन लिए जाएंगे। तीस जून को प्रवेश परीक्षा होगी। चार जुलाई को प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा। पांच को प्रवेश होगा और 17 जुलाई से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। पीजी के लिए ऑनलाइन आवेदन का शुल्क एक हजार और ऑफलाइन का 1200 रुपये है।

