शब्द मसीहा : पापा जैसा प्यार
(शब्द मसीहा केदारनाथ)
ऑफिस में इंटरव्यू था । बॉस के केबिन में वह लड़की गई। परफ्यूम की भीनी-भीनी महक आ रही थी । कपड़े भी बहुत मॉडर्न पहनकर आई थी । कई और लड़कियां भी बाहर बैठी थीं ।
“मिस निशा ! आप आइये ।” एक महिला ने कहा । वह बहुत ही शालीन कपड़े पहने हुए थी ।
लड़की उठी। अपने बालों को झटका दिया और अपनी फाइल के साथ अपने बैग को लिए केबिन के अंदर चली गई।
“तो आप निशा हैं । आपका वर्क एक्सपीरियंस मैं देख रहा हूँ कि आपने कहीं भी सालभर से ज्यादा काम नहीं किया । क्या वजह है ?” बॉस ने फाइल देखते हुए कहा ।
लड़की कुछ देर चुप रही । फिर उसने अपनी नज़र नीचे रखते हुए कहा -“सर! इसकी वजह आज का कॉर्पोरेट कल्चर है।”
“मैं समझा नहीं । जरा खुलकर बताओ ।” बॉस ने कहा ।
“हर कंपनी पैसा काम का देती है मगर …… उसके साथ उन्हें कुछ और भी चाहिए । और वो मुझे पसंद नहीं । सर ! मैं कई महीनों से बेरोजगार हूँ । आज भूख ने समझौता करने पर मजबूर कर दिया है। मेरा साइज चौंतीस , छत्तीस तीस है। मुझे अब सब मंजूर है । इसका कोई सर्टिफिकेट नहीं है …..खुद देख लीजिये ।” और लड़की ने अपनी शर्ट उतार दी।
“कपड़े पहनों अपने निशा। मुझे ऐसी लड़की की जरूरत नहीं है। मैं काम के पैसे देता हूँ ….. जिस्म के नहीं।” बॉस ने अपनी आँखें नीचे किए हुए कहा।
लड़की ने शर्ट ऊपर कर ली और बोली -“सॉरी सर! आजकल लोग इंटरव्यू ऐसे ही लेते हैं। हम कैसे बराबरी कर सकते हैं । चुग्गा समझ रखा है हमारी मजबूरी को। मुझे ज़िंदा रहने के लिए जॉब चाहिए ।”
“बैठ जाओ । पानी पियो पहले।” बॉस ने कहा।
लड़की ने पानी का गिलास उठाया और पीने के बाद गहरी सांस ली। कुछ देर वह खामोश रही।
“तो बताओ क्या-क्या जानती हो, और अगर मैं तुम्हें जॉब दूँ तो कंपनी के लिए क्या कर सकती हो ?” बॉस ने पूछा।
“सर ! काम तो जो भी होगा मैं करूंगी, पर क्लाइंट की गलत हरकत पर उसे खींच के थप्पड़ भी मार सकती हूँ ।” लड़की ने कहा।
“जॉल्ली गुड आन्सर ….हा हा हा । ऐसी नौबत कभी नहीं आएगी । कंपनी चलाता हूँ , कोई चकला नहीं । जिसने तुम्हें मेरे पास भेजा है वो भी यहाँ काम करती है। निशा ! काम हमारा दिमाग और शरीर करता है , हमारे कपड़े नहीं। कल से ख़ुद को उसी की तरह बदल कर काम पर आ जाओ । क्लाइंट को थप्पड़ मारने वाली …जरा ये तो बता दो तनख़्वाह क्या लोगी ?” बॉस ने पूछा।
“बस पापा जैसा प्यार।” निशा ने उठते हुए कहा।
“जाओ ! अपना अपोइंटमेंट लेटर लेकर जाओ। गॉड ब्लेस यू ।” बॉस ने मुस्कुराते हुए कहा ।

