विहिप की बैठक में एक्सईएन प्रथम की हुई निंदा, सीएम को पत्र भेज विहिप ने की शिकायत
मऊ विश्व हिन्दू परिषद जिला इकाई के पदाधिकारियों की शुक्रवार को कैम्प कार्यालय पर हुई बैठक में विधुत विभाग के अधिशासी अभियंता प्रथम रविप्रताप द्वारा हिन्दू धर्म पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की निंदा की गई तथा मुख्यमंत्री को इस आशय का पत्र भेजकर अवगत कराया गया तथा ऐसे अधिकारी द्वारा धर्म विरोधी टिप्पणी करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
ज्ञात हो कि विश्व हिन्दू परिषद के कुछ पदाधिकारी शुक्रवार को धर्म रक्षा निधि कार्यक्रम के लिए विधुत विभाग के अधिशासी अभियंता प्रथम के कार्यालय के पास अपने एक परिचित से वार्ता कर रहे थे। तभी विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों को बीच में रोककर विधुत विभाग के अधिशासी अभियंता प्रथम रविप्रताप ने हिन्दू धर्म पर अभद्र टिप्पणी की और कहा कि हिन्दू धर्म नहीं जाति-बिरादरियों का एक समूह है तथा यह एक समाज को बांटने वाला धर्म है। इस पर विश्व हिन्दू परिषद के जिला कार्याध्यक्ष भानुप्रकाश पाण्डेय तथा जिला उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल से काफी तर्क-वितर्क हुआ तथा पदाधिकारियों ने एक्स0ईएन0 प्रथम से अपनी बात वापस लेने के लिए कहा। इस पर और जोश में आकर एक्स0ईएन0 प्रथम ने विश्व हिन्दू परिषद और बजरंगदल संगठन को अनाप-शनाप कहना शुरू कर दिया। एक्स0ईएन0 प्रथम के इस रवैये से विश्व हिन्दू परिषद और बजरंगदल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। बैठक में जिले के हिन्दू विरोधी मानसिकता के अधिकारियों और बाबुओं को चिन्हित कर उनके विरूद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कठोर कार्रवाई किए जाने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के विभाग मंत्री रामकृष्ण भारद्वाज, जिला कार्याध्यक्ष भानुप्रकाश पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, कौशल कुमार श्रीवास्तव, श्रीराम पाण्डेय, हरेन्द्र जी महाराज, राजकुमार राजभर, अभिषेक भारद्वाज, सुजीत भारद्वाज, आशुतोष पाण्डेय, प्रकाश सरोज, अविनाश राय, अनिता राय, प्रतिमा पाण्डेय, पियुष पाण्डेय, आशुतोष देववंशी आदि मौजूद रहे।
