रतनपुरा गैस एजेंसी के पार्टनर अजीत सिंह शुड्डू और उनकी धर्मपत्नी सड़क दुर्घटना में घायल
रतनपुरा/मऊ। स्थानीय अभय बंधु इंडेन ग्रामीण वितरक फर्म के पार्टनर अजीत कुमार सिंह शुडडू एवं उनकी धर्मपत्नी नीलिमा सिंह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं। यह हादसा 5 मार्च 2018 की रात्रि 12:00 बजे के लगभग की है। बताया जाता है कि अजीत कुमार सिंह अपनी धर्मपत्नी नीलिमा सिंह एवं पुत्र अजितेश सिंह (9वर्ष) तथा अविरल सिंह (6 वर्ष) के साथ मारकंडेय महादेव कैथी तथा बाबा विश्वनाथ मंदिर वाराणसी से पूजन दर्शन करने के उपरांत हुंडई वरना कार से वापस लौट रहे थे, यह कार सरायलखन्सी थाने के समीप पहुंची थी कि सामने से आ रहे एक ट्रक ने कार में जबरदस्त टक्कर मार दी। कार एक बिजली के खंबे से जाकर के टकरा गई। जिसमें अजीत सिंह और उनकी पत्नी नीलिमा सिंह गंभीर रूप से चोटिल हो गए जबकि दोनों बच्चे बाल बाल बच गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए और दोनों घायलों को एक निजी चिकित्सालय में एंबुलेंस के जरिए पहुंचाया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए अजीत सिंह शुड्डू ने बताया कि इस बीच असामाजिक तत्वों ने कार के अंदर रखे बैग से डेढ़ लाख रूपय नगद तथा उनके गले से सौ ग्राम के सोने की सिकड़ी एवं 2 अदद ताबीज झटक लिए। यद्यपि अजीत सिंह के पास रिवाल्वर भी था, जो किसी सम्मानित व्यक्ति के हाथ लगा, और उन्होंने पूरी ईमानदारी के साथ उनका रिवॉल्वर उन्हें पहुंचा दिया। घटना की सूचना जैसे ही रतनपुरा कस्बे के लोगों को मिली,वे उनके दरवाजे पर कुशल क्षेम पूछने के लिये पहुंच गए। कस्बा वासियों ने अजीत सिंह शुड्डू और उनकी पत्नी नीलिमा सिंह के के शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामना की है।

