मऊ में मोदी-शाह पकौड़ा स्टाल लगाकर कांग्रेसियों ने तला पकौड़े
मऊ। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कांग्रेस पार्टी की तरफ से पूर्व नगर अध्यक्ष हाजी शफीक डायमंड व यूथ कांग्रेस घोसी सभा अध्यक्ष सावंत कुमार सिंह के नेतृत्व मे सदर चौक पर पकौड़े का स्टाल लगाकर देश के प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के उस बयान का विरोध किया जिसमें उन्होंने बेरोजगार शिक्षित युवाओ से पकौड़े बेचने का सुझाव दिया था। इसी के अंतर्गत सदर चौक पर “प्रधान मंत्री पकौड़ा रोज़गार योजना” के तहत मोदी-शाह पकौड़ा स्टाल लगाकर पकौड़े बेचे गये। सदर चौक पर लगे इस स्टाल को देखने के लिए लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गयी वहीं लोग गरम-गरम पकौड़े को चख चाय पर चर्चा के बाद अब पकौड़े पर चर्चा करते मिले। व्यापारी व कांग्रेसी नेता हाजी शफीक डायमंड ने कहा केन्द्र की सरकार रोजगार देने की बजाय पकौड़े बेचने की बात कर युवाओं को धोखा दे रही है। युवा नेता सावंत सिंह ने कहा कि युवाओं की बदौलत भाजपा गद्दी पर आसीन है। सरकार के मोदी और योगी को युवा ही पकौड़े का जबाब देगी। इस अवसर पर अकरम प्रीमियम भी मौजूद रहे।

