पालिका बोर्ड की बैठक में वर्ष 2021-22 के लियेे 98.12 करोड़ रुपये का बजट ध्वनिमत से पारित
■ पालकी ने सभासदों को सौंपी ‘‘तीन साल….. बेमिसाल प्रगतिका‘‘ (विकास पुस्तिका)
■ नगर का विकास एवं जनता को सुविधा पहुँचाने वाली योजनाओं को लागू करना ही हमारी प्राथमिकता-तय्यब पालकी

मऊनाथ भंजन। आज नगर पालिका परिषद के बैठक कक्ष में सत्र 2021-22 की बोर्ड की विशेष बैठक सम्पन्न हुयी। इस बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के चेयरमैन मुहम्मद तय्यब पालकी ने की। पालिकाध्यक्ष तय्यब पालकी ने बोर्ड के समक्ष सत्र 2021-22 का बजट पेश किया, जिसे सम्मानित सभासदों द्वारा ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। बोर्ड द्वारा पारित 98.12 करोड़ रूपये के इस बजट को नगर के विकास एवं जनकल्याणकारी बजट के रूप में देखा जा रहा है। इस बैठक में पालिकाध्यक्ष द्वारा 13 प्रस्ताव भी पेश किये गये जिन पर बोर्ड ने ध्वनिमत से अपनी मुहर लगा दी। बजट में मुख्य रुप से व्यवसायिक दुकाने एवं आवासीय भवन निर्माण, सड़क निर्माण कार्य के लिये 26.81 करोड़ रुपये, ट्रीटमेण्ट प्लांट हेतु भूमि की क्रयदारी के लिये 7.00 करोड रुपये़, नगर के दलित/मलिन क्षेत्रों में विकास कार्यो के लिये 8.93 करोड़ रुपये, अमृत योजना के लिये 4.51 करोड रुपये़, स्वच्छ भारत मिशन योजना के लिये 5.00 करोड़ रुपये, गौवंश आश्रय स्थल के संचालन एवं रख रखाव के लिये 75 लाख रुपय,े जलकल मरम्मत/पाईप लाईन, नलकूप बोरिंग, हैण्ड पम्प रिबोर आदि के लिये 4.50 करोड़, व बिजली सामान एवं अन्य के लिये 4.50 करोड़ रुपये का प्राविधान किया गया है। इस प्रकार वर्ष 2021-22 के अनुमानित आय कुल 98.12 करोड़ रुपये व अनुमानित व्यय 97.65 करोड़ रुपया की रही। पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा भी की गयी। उक्त बैठक में प्रस्तुत 13 प्रस्तावों (ब्रहम्स्थान टैक्सी स्टैण्ड, विज्ञापन शुल्क की वसूली की नीलामी कराने, पालिका की भूमियों को सुरक्षा की दृष्टिकोण से बाउण्ड्रीवाल कराये जाने, विधिक माप विज्ञान के सुदृढ़ीकरण हेतु भारत सरकार से प्राप्त धनराशि की सहायता से कार्यमानक/ प्रयोगशाला भवन निर्माण हेतु मौजा इमिलिया में भूमि दिये जाने आदि) प्रस्तावों को बोर्ड ने ध्वनिमत से पास कर दिया। इसके इलावा सभासदों द्वारा उठाये गये अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुयी। बैठक के उपरान्त पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी ने नगर पालिका परिषद के वर्तमान बोर्ड के तीन वर्ष पूर्ण होने पर ‘‘तीन साल….. बेमिसाल प्रगतिका‘‘ (विकास पुस्तिका) सभासदों को सौंपी।

बैठक में पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने बजट को ध्वनिमत से पारित होने पर सभासदों का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि आप द्वारा नगर के विकास के प्रति आज अति महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। आप द्वारा पारित बजट से नगर अपने विकास की नयी मन्जिल तय करेगा जिसमें आपका समान सहयोग शामिल है। उन्होने सभासदों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर के सभी वार्डो आवश्यकतानुसार हर संभव कार्य कराये जायेंगे। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड के उद्देश्यों में नगर का विकास एवं जनता की सुविधा हमारी प्राथमिकता है। नगर की उन्नति हमारे द्वारा बनायी जाने वाली विकास योजनाओं पर निर्भर करती है। इसी लिये हम विशेष रूप से जनता को सुविधा पहुँचाने वाली योजनायें बनाकर नगर के विकास को सुदृढ़ बनाने हेतु संकल्पित हैं। पालिकाध्यक्ष नें ‘‘तीन साल …….. बे मिसाल……….. प्रगतिका‘‘ को सभासदों को सौंपते हुए कहा कि नगरवासियों ने मुझे नगर पालिका अध्यक्ष के रुप में सेवा करने का मौका प्रदान किया है नगरवासियों द्वारा सौंपे गये दायित्वों को निभाने और जनता की मुझसे जो अपेक्षाएं, आशाएं थी उन्हे पुरा करने हेतु मेरे द्वारा हर सम्भव कोशिश की जा रही है। 12 दिसम्बर, 2020 को मेरे इस कार्यकाल/बोर्ड के तीन वर्ष पूर्ण हुए है। सभासदों, अधिकारियों एवं नगरवासियों के संयुक्त सहयोग से ही पिछले तीन वर्षों में नगर का ऐतिहासिक विकास हुआ है। मैने इन तीन सालों में सिर्फ बात पर नहीं अपितु काम पर विश्वास रखा, जनता से जो वादा किया था उसे पूरी तरह निभाने का प्रयास किया। इन तीन वर्षों में नगर पालिका परिषद द्वारा जो विकास कार्य किये गये है और जो हमारी भविष्य की योजनाए हैं उन सभी की जानकारी इस पत्रिका के माध्यम से जनता को सौंप रहे है।
अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि बोर्ड द्वारा पारित प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर मूर्त रूप देने के कार्य में पालिका परिवार जुटा हुआ है। नगर का सुन्दरीकरण करते हुये नगरवासियों की सुविधा को सर्वाेपरि रख कर हम बोर्ड की हर मंशा को जमीन पर उतारने हेतु कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। ‘‘तीन साल…… बेमिसाल…….प्रगतिका‘‘ (विकास पुस्तिका) के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए श्री मिश्रा ने कहा कि निर्माण एवं सेवा एक निरन्तर चलने वाली प्रक्रिया है। इसे शब्दों में अथवा दृश्यों में बांधना संभव नहीं है। एक विशेष समय के कार्य-व्यवहार पर चर्चा की जा सकती है और नगर पालिका परिषद द्वारा भी ‘‘तीन साल…. बे मिसाल…. प्रगतिका‘‘ का प्रकाशन इस दिशा में एक सार्थक कदम है जो पालिकाध्यक्ष मा0 मुहम्मद तय्यब पालकी के अथक प्रयासों उनके जीजिविषा एवं कार्य के प्रति समर्पण की अनकही कहानी है। पिछले तीन वर्षों में कराये गये निर्माण, सेवा व जनहित के सभी कार्यों को इस पुस्तिका में समेट पाना हमारे लिये संभव नही था फिर भी हमने एक कोशिश की कि पालिकाध्यक्ष मा0 मुहम्मद तय्यब पालकी के नेतृत्व एवं संरक्षण में कराये गये/हो रहे निर्माण व अन्य कार्यों की एक झलक आम जनता के समक्ष रखी जा सके कि लोग अपने लोकप्रिय पालिकाध्यक्ष द्वारा कराये गये कार्यों के बारे में ज़्यादा से ज़्यादा जानकारी प्राप्त कर सकें तथा अपनी समस्याओ व परेशानियों से उन्हे अवगत करा सके जहां सेवा व जनहित में निर्माण की आवश्यकता है।
बैठक में सम्मानित सभासदगण, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा, कर अधीक्षक-गुफरानुल हई, राजस्व निरीक्षक आदर्श त्रिपाठी, निर्माण लिपिक-धर्मेंन्द्र कुमार पाण्डेय, प्रकाश निरीक्षक- चन्द्रिका प्रसाद, जलकल लिपिक-कमलेश पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

