पर्यावरण के सच्चे प्रहरी है रितेश व राजन, अब तक हजारो पौधे लगाकर बनाया कीर्तिमान
(डॉ अरुण कुमार मिश्र)
कोपागंज/ मऊ। नगर क्षेत्र के मुहल्ला फत्तनपुरा निवासी रितेश व राजन चौरसिया दोनों भाई पर्यावरण के सच्चे प्रहरी हैं। आज पूरा क्षेत्र इन्हें वृक्ष प्रेमी के नाम से जानता है। दोनों भाई कोपागंज के आस पास आने वाले धार्मिक स्थलों के अलावा सार्वजनिक भूमि पे अब तक हजारों पौधे लगाकर के नित्य नए कीर्तिमान लिख रहे है। विश्व पर्यावरण दिवस पर सोशल मीडिया से लेकर प्रिंट मीडिया तक पौधे लगाते हुए फोटो दिखाई पड़ता है लेकिन बहुत कम ही लोग होंगे जो अपने हाथों लगाए गए पौधों की नियमित देख भाल करते होंगे। किन्तु दोनों भाइयों ने अपने हाथों लगाए गये पौधों को नियमित रूप से पानी देने के अलावा यदि कोई पौधा रोगी हो जाय तो किट नाशक दवाओं का छिड़काव कर उन्हें संरक्षित करते हैं। पौधों के प्रति उनकी दीवानगी इस कदर है कि राजन चौरसिया व रितेश चौरसिया प्रतिदिन गौरीशंकर मंदिर के प्रांगण में लहलहा रहे वृक्षों के बीच पीपल के वृक्ष की विधिवत पूजन अर्चन करते हैं।
दोनों भाइयों का पेड़ लगाने का सिलसिला विगत 15 वर्षों से अनवरत जारी है। शायद इसी को देखते हुए कई बार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त कर चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ ने इन्हें दो बार पर्यावरण प्रेमी अवार्ड से नवाज चुका है मुफलिसी में जीवन बसर करने वाले यह चौरसिया परिवार पूरे समाज के लिए आईना है जो बिना किसी सहयोग व संसाधन के अपने कर्म पथ पर यूं ही निरंतर आगे बढ़ते चले जा रहे हैं।

