अपना जिला

नदी में कूद खुदकुशी करने वाली छात्रा का शव चौथे दिन भी बरामद नही

बिल्थरारोड/बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के असरेपुर निवासिनी एक छात्रा के चार दिन पूर्व कथित रूप से घाघरा नदी में कूदकर खुदकुशी करने के मामले में पुलिस उसका शव सोमवार को भी नही बरामद कर सकी। छात्रा का खुदकुशी का मामला भी चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस फिलहाल किशोरी की खुदकुशी के कारणों की जांच के बजाय अभी तक उसका शव ही ढूढने में लगी हुई है।

क्षेत्र के असरेपुर निवासिनी पूजा जायसवाल 16 वर्ष पुत्री किशोरी लाल जायसवाल पिछले शुक्रवार को घर से विद्यालय पढ़ने को गयी। बाद में उसके घर वालों को ये खबर मिली कि उसने डीएसपी हेड तुर्तीपार में घाघरा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली है। यह सुनकर उसके परिजन स्तब्ध रह गये। इस मामले को लेकर छात्रा के परिजन अपनी पुत्री के शव को पाने के लिए नदी के इस छोर से उस छोर तक भटकते रहे। पुलिस भी इस मामले में नदी के आसपास के लोगों से पूछताछ तो की परन्तु किशोरी के शव को बरामद नही कर सकी। उधर घटना के दूसरे दिन मामला संज्ञान में आने पर एसपी श्रीपर्णा गांगुली ने पुलिस को शव की खोज में तेजी लाने का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश के बाद उभांव पुलिस द्वारा रविवार को शव की खोज के लिए एक मल्लाह की सहायता से नदी में जाल डाला गया। परन्तु पुलिस को इस मामले में घटना के चौथे दिन सोमवार को भी कुछ सफलता नही मिल सकी है। पूजा के कथित खुदकुशी को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है। अभी तक लोगों की समझ में यह नही आ रहा है कि जो किशोरी घर से पढ़ने के लिए स्कूल गयी थी। बाद में घर वापसी के समय उसके साथ ऐसा क्या हुआ कि उसे कथित रूप से नदी में कूदकर आत्महत्या को मजबूर होना पड़ा। आखिर इस सवाल का जवाब कौन देगा। उधर अपनी बेटी के कथित रूप से आत्महत्या को लेकर उसके शव को पाने को तरस रहे उसके परिजन भी बेटी के इस अप्रत्याशित निर्णय को पचा नही पा रहे हैं। उनका मानना है कि अवश्य ही उसके साथ कुछ अनहोनी हुई है तभी उसे ऐसा कड़ा फैसला लेने को मजबूर होना पड़ा है। देखना है पुलिस कब तक इस कथित खुदकुशी के मामले में छात्रा का शव बरामद कर उसकी मौत के रहस्य को उजागर करने में सफल हो पाती है। यह यक्ष प्रश्न तो अब आने वाला वक्त ही तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *