त्योहारों में खरीददारी के दौरान रहें सतर्क, ग्राहक और दुकानदार रखें अपने परिवार को कोरोना से सुरक्षित : DM
● सरकार ने दी छूट, आपसे न हो जाए कोई चूक
● ऑनलाइन लेनदेन पर दें जोर
मऊ। कोविड-19 महामारी बढ़ते संक्रमण के खतरे के बीच सरकार ने आगामी त्योहारों के लिये कुछ नियमों में परिवर्तन करते हुए मनाने की अनुमति दे दी है लेकिन हमें और अधिक सतर्क और बचाव करने की आवश्यकता है । जिला स्वास्थ्य निगरानी के अध्यक्ष व जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने त्योहार के लिये जारी किए गए निर्देशों को पूरी तरह से पालन करने का आदेश दिया है। उन्होने कहा कि कोरोना संचारी रोग का वायरस है, इससे सामान्य उपाय जैसे मास्क या फेस कवर, बार-बार हाथ धोना और शारीरिक दूरी बनाकर ही बचा जा सकता है। एक संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में संचार के विभिन्न माध्यमों से गुणात्मक रुप से फैलता है। इससे बचने का एक मात्र उपाय इसके संचार से कोरोना के बचाव के नियमों का पालन करते हुए स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को बचाया जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ सतीश चन्द्र सिंह ने बताया कि कोरोना के इलाज की अब तक कोई दवा या वैक्सीन नहीं बनी है। कोरोना के वायरस से स्वयं को सुरक्षित रखने के लिये आगामी त्योहार में लोगों भीड़-भाड़ सार्वजनिक स्थान बाजार धार्मिक स्थलों पर जाने से अपने और अपने परिवार को बचना होगा। स्वयं या परिवार के साथ भीड़-भाड़ की जगह पर पहुंच गये तो इधर-उधर की चीजों को हाथ लगाने या छूने से बचें।
सीएमओ ने बताया कि त्योहार बाजार से जुड़े हुए हैं इसलिये सभी को बाजार जाने के बाद वहां पर केवल अपनी जरूरत की चीजों को छूना या उठाना चाहिए। उसे अपने झोले में रखना चाहिए। सामानों को छूने के बाद हाथों को चेहरे और आंख नाक नहीं छूना चाहिये। साथ ही जहां तक हो सके डिजिटल पेमेंट के विभिन्न आयामों प्रयोग करने का प्रयास करना चाहिए। सार्वजनिक स्थानों और अन्य जगहों पर बहुत ही आवश्यकता होने पर ही जाये। आपका आपके कंधे पर पूरे परिवार को कोरोना से सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी है। घर से बाहर निकलने से पहले अपने साथ में जाने वाले लोगों के सुविधा अनुसार चेहरे को ढक के सुरक्षित करें। बाहर हाथ धोने के लिये साबुन तो मिलेगा नहीं उसके लिये सेनेटाइजर रखें समय-समय पर अपने और अपने परिवार के हाथों को सेनेटाईज करते करवाते रहें। इस महामारी काल में बाहर की चीजों को खाने से बचें।
ग्रोशरी व किराना व्यापारी सुगंध लोहिया (32) ने बताया कि मीडिया के माध्यम से जिलाधिकारी की ओर से त्योहार के मद्देनजर नये आदेश की जानकारी मिल गयी है। सभी व्यवसायी समूह शुरू से ही कोविड-19 के सभी प्रोटोकॉल को फालो कर रहे हैं । आगे और भी सतर्कता रहेगी।

