तरक्की : फन्टासिया वाटर पार्क पूर्वांचल के लिए बहुत बड़ी सौगात : अनिल राजभर
रतनपुरा/मऊ। अति पिछड़े क्षेत्र रतनपुरा में नवनिर्मित फन्टासिया वाटर पार्क एवं रिसोर्ट आम जनों के लिए कल्पना लोक है, जिसे डा. हाशमी एण्ड फेमिली ने पूरी लगन और समर्पण भाव से आप सभी को लोकार्पित किया है। वे लक्ष्य के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहे हैंं और अपने निर्धारित अवधि के भीतर इसे आम जनों को समर्पित कर दिया। यह विचार उत्तर प्रदेश शासन के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अनिल राजभर के हैं जो फंटासिया वाटर पार्क के उद्घाटन के अवसर पर जनता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गोरखपुर और वाराणसी में वाटर पार्क को बहुत पहले खुल चुके थे, परंतु उसके बीच मऊ में वाटर पार्क का खुल जाना पूर्वांचल के लिए बहुत बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि दुनिया में तेजी से बदलाव हो रहा है उसमें भारत विकसित राष्ट्रों की कतार में जिस तरह से खड़ा है यह सबके लिए गर्व की बात है। आज पर्यटन के क्षेत्र में गोवा, कर्नाटक और पर्वतीय क्षेत्र लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, और इससे लोगों के रोजी रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। श्री राजभर ने कहा कि मैं चाहता हूं कि रतनपुरा का फंटासिया पार्क को विस्तारित करके इसे उसी स्थिति में लाया जाए जहां शादी- विवाह और लोगों को यातायात में जाम की स्थिति से मुक्ति मिल सके, और इसे मेडिकल टूरिज्म के रूप में भी विकसित किया जा सके। क्योंकि हमारे प्रधानमंत्री मोदी योग को स्वास्थ्य की दृष्टि से एक बेहतरीन संसाधन मानते हैं ,और योग के मामले में भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा है, इसलिए हम चाहते हैं कि फंटाशिया वाटर पार्क मनोरंजन के दृष्टिकोण के साथ-साथ इसको ऐसे विस्तारित और प्रचारित किए जाएं की मनोरंजन के उद्देश्य के साथ-साथ स्वास्थ्य की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण बना रहे। कहा क्योंकि देश में मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, और हम तनाव में जी रहे हैं ,हमें ऐसे संसाधन चाहिए जिससे हम तनावमुक्त और स्वस्थ रह सके। विद्यालय संस्थानों के बच्चों को भी इस वाटर पार्क का भ्रमण कराया जाना चाहिए।
श्री राजभर ने बताया कि 17% लोगों का इस टूरिज्म के बलबूते ही रोजी रोटी चलती है। वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक में पंचकर्म विधि काफी प्रचलित है, और इस चिकित्सा सुविधा को पाने के लिए देश-विदेश से वहां पहुंचते हैं। इसलिए हम यह चाहते हैं कि फंटाशिया वाटर पार्क जिस कल्पनालोक से आम लोगों को परिचित करा रहा है इसका विस्तार हो।
विशिष्ट अतिथि मुक्केबाज व गैंग आफ वासेपुर के फिल्म अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने कहा कि फंटासिया वाटर पार्क एन्ड रिसॉर्ट की खूबसूरती को देखकर ऐसा लग रहा है कि जैसे वह वापस मुम्बई आ गए है। पूर्वांचल के मऊ जिले के रतनपुरा जैसे क्षेत्र में मुम्बई स्तर का वाटर पार्क देखकर वह आश्चर्यचकित है। फिल्म अभिनेता के साथ सेल्फी लेने व फोटो खिंचाने बालों की होड़ मची रही।
अंत में सभी आगन्तुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए डा. हाशमी ने कहा फंटासिया अपने ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देगी तथा उनको बेहतर सुविधा मिले इसके लिए कटिबद्ध है। इस अवसर पर स्वैग से स्वागत गाने से स्टेप्स द डांस स्टुडियो के कोरियोग्राफर गोपाल गुप्ता अपनी पूरी टीम के साथ डांस की शुरुआत की और अभिनेता विनित सिंह स्टेज पर आकर डांस करने से खूद को रोक नहीं पाये। सभी ने स्टेज पर खूब जलवा बिखेरा व वाहवाही लूटी तथा
पंडित माही मृदुल संगीत रत्न मऊ ने अपने संगीत लहरी से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर डा. संजय सिंह कोरियोग्राफर दिनेश भारद्वाज, भरत भैया, रामकृष्ण भारद्वाज, शैलेंद्र सिंह तोमर, संतोष कुमार सिंह, परमात्मा सिंह, दुर्गेश वर्मा, डॉ राणा विजय राजभर, योगेंद्र प्रधान, विनोद कुमार, कुँवर सिंह, जय सिंह, डा.अबरार अहमद, एसपी सिंह, विशाल सिंह, डा. आरके सिंह उपस्थित रहे।

