खास-मेहमान

ज्वलंत प्रश्न : आपके बीच मौजूद दुष्कर्मी कौन

(शालिनी श्रीवास्तव)

लखनऊ। सामूहिक बालात्कार और हत्या के दो ताज़े मामले सामने है । आइये बाक़ियों की तरह हम भी बैठकर निंदा करें, क्योंकि इसके अलावा हम तबतक कुछ नहीं कर सकते जबतक बात हमारे घर तक नहीं पहुँच जाती।
एक घटना याद आती है अक़सर माँ, पापा को बोला करती थी कि अब किसी का भरोसा नहीं किया जा सकता। आजकल अख़बारों में रोज़ चोरी की खबरें प्रकाशित हो रही है अतः हमें भी सावधान रहना चाहिए। पापा का मानना था कि चोरी वगैरह सिर्फ अमीर लोगों के घर होती है। माँ से अक़सर कहा करते थे कि हमारे पास है ही क्या जो चोरी हो। ईश्वर में पक्की आस्था लिए सबको अपनी तरह भला समझते थे और हद तो तब हो गयी, जब एक दिन उन्हीं की ज़ेब से उसी दिन इक्कठा की हुई दुकान की पूँजी, एटीएम वगैरह घर के भीतर ही चोरी हो गयी। उस दिन से लेकर आज का दिन है पापा अब खुद मुख्य द्वार पर ताला लगाकर दुबारा जाँच करते है और पूरी तरह से निश्चिन्त होने के बाद ही सोते है।

आज ठीक वैसा ही हाल हम सब का है। हम शायद इसी इंतज़ार में बैठे है कि हमारे घर में कोई दुष्कर्म हो और तब हम आवाज़ उठाये। अगर पड़ोसी के घर पानी ना आ रहा हो और आपके घर आ रहा हो तो आप खुश तो रहेंगे, मगर आपको सोचना चाहिये कि पानी का स्तर खिसक रहा है और इसलिए आपके पडोस में पानी की किल्लत है। भविष्य में आपको भी इस परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ठीक ऐसे ही अगर आपके इर्द-गिर्द या दूर-दराज़ कोई घटना घट रही हो और आप यह सोचकर मौन है कि ऐसी घटनाएं आपके आसपास घटित नहीं होंगी तो आप गलत है। एक समाज का प्रभाव दूसरे समाज पर, एक घटना का प्रभाव दूसरी घटना पर और इन घटनाओं का असर तक़रीबन हर जगह कमोबेश दिखने को मिलता है। और पानी से ज्यादा तेज़ी से स्तर तो इंसानों का गिर रहा है। ऐसे में इसतरह की समस्याएँ भला आपतक कैसे नहीं पहुँचेगी।

भारत में बलात्कार एक ऐसी घटना के रूप में उभर रहा है जिसमें पढ़े-लिखे से लेकर अनपढ़, चालक,मजदुर तक बड़े-बड़े विधायक से लेकर छोटे-बड़े सरकारी ऑफ़िसर तक शामिल है । यह लोग बलात्कार कर भी रहे है और करवा भी रहें है। बच्ची नाबालिग हो या बालिग़, हिन्दू हो या मुसलमान, इस देश की हो या विदेश की, पत्रकार हो या मानसिक विक्षिप्त या फिर मूक वधीर, बलात्कारियों को कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता है। आख़िर इंसानों के अंदर वह कौन सा जीन्स या कीड़ा मंडरा रहा है जो सिर्फ और सिर्फ हवस को तवज्जो देता है । इंसानियत क्या इस हद तक शर्मशार है कि अब बाप भी अपनी बच्ची से दुष्कर्म करने में नहीं हिचक रहा है। किरण वेदी की लिखी किताब ‘गलती किसकी’ में ऐसे कई अपराधी हैवानों की सच्ची कहानियां है जिन्होंने अपनी बच्चियों को भी नहीं छोड़ा।

मीडिया ऐसी घटनाओं पर लगातार शर्मशार है। नेता इसे निंदनीय बताने में लगे हुए है। देश के गड़मान्य लोग और जनता अब भी मौन है । और महिला संगठन वाले एक किनारे होकर होहल्ला मचा रहे है ।
आयेदिन घट रही ऐसी घटनाओं से अब मानव संवेदना शून्य होती दिख रही है । कुछ लोग मन में टीस लिए एक कोने में दुबके इस इंतज़ार में है कि शायद कोई आयेगा और हल निकालेगा।
एक समय था जब बंदूक सिर्फ सिनेमा में देखा था और मेरे सामने वह भी दौर आया जब हमने घरों में बंदूके देखी। चोरी-डकैती की खबरें जो अखबारों में पढ़ा करती थी, आज आस-पड़ोस में देखती हूँ । क्या अब हम उस दौर का इंतज़ार कर रहे है जब आस-पड़ोस और घर-घर में बलात्कार दिखे? क्या तब ही हम चेतेंगे ?

कानून बना दिए गए मगर न्याय तय नहीं। कानून के संरक्षक स्वमं भक्षक बने घूम रहे है। देश में मीडिया ऐसी ख़बरों पर बहस और टी आर पी में उलझी हुई है और नेता हिन्दू-मुस्लिम कर रहे है । आज भी ग़रीब और अमीर, कमजोर और शक्तिशाली दोनों की न्याय व्यवस्था अलग-अलग है। ग़रीब न्याय के लिए चप्पल घिसता है तो अमीर के लिए न्याय उसके चौखट तक पहुँच आता है। गुंडे लोग पूजनीय है और ईमानदार लोग तुच्क्ष।

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण सिर्फ दिखावा और खोखली नारेबाज़ी है। हक़ीक़त तो इसका मुद्दा बनाकर वोट बटोरना है।
बेटी बचाओ क्यों और किससे ? ज़ाहिर है पुरुषों से। तो स्किम पुरुषों पर चलाये जाने चाहिए। उनको बदलने की जरुरत है। और रही बात राजनीति की तो इसके लिए हर वोट देने वाला नागरिक जिम्मेदार है । एक स्कूल से दूसरे स्कूल में दाखिला का मामला हो या सरकारी नौकरी का हर जगह व्यक्ति का चरित्र प्रमाण पत्र माँगा जाता है। विधायकों और मंत्रियों के चरित्र का सर्टिफिकेट क्यों नहीं लिया जाता। आखिर कैसे अपराधी प्रवृति और दुष्कर्मी व्यक्ति को देश की राजनीति और जनता का रखवाला घोषित कर दिया जाता है।

आज भी रसूखवाले और गुंडे-बदमाशों का हर जगह बोलबाला है। हक़ीक़त ये है कि आम जीवन में आम व्यक्ति की कोई हैसियत नहीं है। लचर न्याय व्यवस्था तथा प्रशासन, ध्वस्त होती राजनीति और भ्रष्ट होती पत्रकारिता से कोई उम्मीद अब बची नही हैं।
क्या कोई यह बताएगा कि मोदी सरकार की मजबूत शासन-प्रशासन प्रणाली में बलात्कार कब तक ख़त्म हो जायेगा ? बहुमत पाने वाली सरकार क्या यह वायदा कर सकती है कि अगले 2019 के आम चुनाव तक ही सही बलात्कार को रोक लेगी। ख़ैर यह वादा तो कोई सरकार नहीं कर सकती। क्योंकि सरकार चलने वाले ज्यादातर पुरुष होते है और उनकी मानसिकता ना कल बदली थी ना आज बदली है।

21वीं सदी में जी रही लड़कियां वैदिक काल के बाद से ही पीड़ित है। और नारा दिया जा रहा है कि पढ़ रही है बेटियां और आगे बढ़ रही है बेटियां । अगर ऐसे ही बलात्कार होते रहे तो कौन पिता अपनी बच्चियों को समाज में पढ़ने और बढ़ने की आज़ादी देगा। क्या सरकार इस बात की गारंटी ले सकती है कि घर से निकली बेटियां सुरक्षित घर वापसी कर सकेंगी। अगर नहीं ले सकती तो महिला सशक्तिकरण की ढकोसलेबाज़ी बंद करे।

उस पुलिस प्रशासन और पुरुष समाज को धिक्कार है जो 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करता है और फिर उसे पत्थर से मार डालता है।
ऐसे लोगों को समाज में जीने का कोई हक़ नहीं है। पुलिस मुस्तैदी से काम करे तो ज़िले में कोई अपराध पनप नहीं सकता। और राजनेता चाह लें तो भर्ष्टाचार हो ही नहीं सकता है। मगर ऐसा संभव नहीं है क्योंकि हर अपराध में राजनीति से लेकर प्रसाशन तक हर कोई संलिप्त है। अगर हर व्यक्ति ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाए तो अव्यवस्था ना पनपे। न्याय प्रक्रिया सुदृढ़ हो तो अपराधी के भीतर भय हो और जनता जागरूक हो जाए तो ऐसी तमाम समस्याएं और ऐसे तमाम दुष्कर्मी समाज में नज़र ही ना आये।

सरकार यदि बलात्कार रोक नहीं सकती तो कम से कम कड़ी प्रशासन व्यवस्था तो बना सकती है ताकि ऐसे घिनौने अपराधियों को सख्त से सख्त सजा हो और इसी कारण दुष्कर्मी भयभीत तो हो। रही बात बलात्कार रोकने की तो इसमें हर व्यक्ति को आगे आना होगा। स्त्री पर चील,कौवों जैसी नज़र रखने वाले हर उस पुरुष को ढूंढ़ कर उसे सबक सिखाना पड़ेगा और इसकी शुरुआत अपने घर और आसपड़ोस से ही करनी होगी। तभी इन छिपे हुए बलात्कारियों की पहचान सुनिश्चित हो सकेगा और तब शायद बलात्कार रुक जाए ।

(लेखिका स्वतंत्र पत्रकार हैं)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *