अपना जिला

चिकित्सा अधिकारी के साथ मारपीट करने के मामले में 14 के खिलाफ बलवा का मुकदमा दर्ज

रतनपुरा/मऊ। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भीतर रात्रि कालीन चिकित्सा अधिकारी के साथ मारपीट, तोड़फोड़ करने के विरुद्ध 14 लोगों के विरुद्ध बलवा का अभियोग पंजीकृत कराया गया है। जिसमें चार नामजद तथा 10 अज्ञात हैं।
बताया जाता है कि सोमवार की रात्रि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ श्रीनिवास सुलु केंडुला ड्यूटी पर तैनात थे।रात्रि 12:00 बजे के लगभग रतनपुरा प्रखंड के दक्षिणांचल स्थित सिधवल ग्राम पंचायत से कतिपय लोग एक महिला मरीज को लेकर के आए थे, उपचार के दौरान चिकित्सा अधिकारी और महिला मरीज के तीमारदारों के बीच भाषा शैली को लेकर के पहले नोकझोंक हुई, इसके बाद बहस होने लगी, इसी दौरान तीमारदारों ने अपने गांव के कतिपय युवकों को फोन करके बुला लिया, और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। चिकित्सा अधिकारी से मारपीट की, तथा तोड़फोड़ किया। इसके बाद हमलावर भाग गए। चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर श्रीनिवास ने डायल 100 पुलिस तथा नगरा विकास खंड में स्थित अपने एक रिश्तेदार को फोन पर सूचना दी।
डायल 100 पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद चिकित्सा अधिकारी के रिश्तेदार भी वहां मौके पर पहुंच गए। परंतु कोई भी हमलावर नहीं मिला।
चिकित्सा अधिकारी डॉ श्रीनिवास केन्दुला ने हलधरपुर थाने में हमलावरों के विरुद्ध बलवा का मुकदमा दर्ज कराया है। चिकित्सा अधिकारी की तहरीर पर बलवा करने वालों के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 147/ 353/ 323/ 504 /506/ 323 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस हमलावरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। उधर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों में इस घटना को लेकर के दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *