ग्राम पंचायत सदस्य सूचना पाने का करते रहे इंतजार
रतनपुरा/मऊ। पंचायती राज व्यवस्था के तहत नवगठित ग्राम पंचायतों की सरकार की पहली बैठक की तिथि उत्तर प्रदेश सरकार ने निर्धारित करते हुए प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों को 27 मई को नियमानुसार बैठक कर ग्राम पंचायतों के विकास का खाका खींचने हेतु निर्देशित किया था । इसी शासनादेश के अनुपालन में सभी ग्राम पंचायतों में निर्धारित तिथि को ही बैठकें संपन्न हुई वहीं रतनपुरा ग्राम पंचायत के सचिव द्वारा निर्धारित तिथि को बैठक न कराकर शासनादेश की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गई । ग्राम पंचायत के सदस्य दिन भर बैठक की सूचना का इंतजार करते रहे लेकिन उन्हें बैठक का समय और स्थान नहीं बताया गया । ग्राम पंचायत के सम्मानित सदस्यों को अभी सूचित करना उचित नहीं समझा गया की आज किन कारणों से बैठक नहीं हो पाई एवं पहली बैठक किस तिथि को होगी । इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी वरुण कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि समयाभाव के कारण निर्धारित तिथि को बैठक नहीं की जा सकी । वही पहली बैठक आज 28 मई को संपन्न हुई है, बैठक का कोरम पूर्ण रहा है ।

