खास-मेहमान

गोल्ड मेडलिस्ट निरुपमा सिंह पहली बार में ही उ. प्र. लोक सेवा आयोग में हुई चयनित

(श्रीराम जायसवाल)

मऊ। “ख्वाहिशों” से नही गिरते हैं, “फूल” झोली में, कर्म की साख़ को हिलाना होगा, कुछ नही होगा कोसने से किस्मत को, अपने हिस्से का दीया ख़ुद ही जलाना होगा। कुछ इसी अंदाज में जनपद के रानीपुर ब्लाक अंतर्गत पलियां बकरी गांव निवासी निरुपमा सिंह ने अपने प्रथम प्रयास में ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग वर्ष 2018 परीक्षा में चयनित होकर जिला कृषि अधिकारी पद पर चयनित हुई हैं। जिन्हें उक्त विभाग में उत्तर प्रदेश में चौथी रैंक प्राप्त हुई है।
रानीपुर ब्लाक के पलियां बकरी गाँव निवासी निरुपमा सिंह की प्राथमिक शिक्षा सेंट्रल एकेडमी व 5 वीं से इंटरमीडिएट तक केंद्रीय विद्यालय मऊ में हुई। उन्होंने कृषि विषय से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन आचार्य नरेंद्र देव कृषि यंत्र प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय फैजाबाद से किया। जहां अपनी विद्वता का लोहा मनवाते हुए उन्होंने गोल्ड मेडल प्राप्त किया। निरुपमा सिंह को गत वर्ष तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक द्वारा गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ था। वही उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित परीक्षा 2018 में अपने प्रथम प्रयास में ही जिला कृषि अधिकारी पद प्राप्त किया।
पिता डॉ विनोद सिंह, माता पद्मजा सिंह, दादा पारसनाथ सिंह व दादी देव मुनि सिंह को अपना आदर्श बताते हुए निरुपमा सिंह ने बताया कि पढ़ाई के दौरान चाचा प्रमोद सिंह का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा। गौरतलब हो कि निरुपमा सिंह के पिता डॉ विनोद सिंह नगर के बकवल मोड़ पर रहते हुए प्राइवेट चिकित्सक के रूप में बापू आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में नियुक्त हैं। इनका पूरा परिवार गांव पर रहते हुए कृषि कार्य से जुड़ा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *