“गधा” खरीदना चाहते हैं तो आइए सोनाडीह, लग गया मेला
◆ प्रत्येक वर्ष पितृपक्ष के दौरान लगता है मेला, दूर दूर से आते हैं लोग
(अशोक जायसवाल)
बिल्थरारोड, बलिया। क्षेत्र के सोनाडीह गांव में लगने वाला गधों का प्रसिद्ध मेला धीरे-धीरे अपने शबाब पर पहुंच रहा है। मेले में काफी दूर-दूराज के व्यापारी अपने गधों की खरीद-फरोख्त के लिए यहां आते हैं। मेले में अच्छी नश्ल के गधों की बोली 50 हजार से लगायत डेढ़ लाख रूपये तक लगायी जाती है। सोमवार से शुरू हुए इस मेले में अभी तक एक गधे की सबसे बड़ी बोली 60 हजार तक लग चुकी है। मंगलवार को मेले के दूसरे दिन भी दूर दराज के व्यापारियों का अपने-अपने गधों के साथ पहुंचना जारी था।
क्षेत्र के सोनाडीह गांव स्थित मां भागेश्वरी व परमेश्वरी की प्रसिद्ध मंदिर के प्रांगण में पितृपक्ष के दौरान लगने वाला प्रसिद्ध गधों का मेला अब अपने शबाब पर है। सोमवार से शुरू हुए इस मेले में बाराबंकी, खलीलाबाद, बस्ती, देवरिया, गाजीपुर के अलावा बिहार प्रांत के व्यापारी अपने गधे की खरीद-फरोख्त के लिए पहुंचे हुए हैं।
मेले में अच्छी नश्ल के गधों की बोली 50 हजार से शुरू होकर डेढ लाख तक पहुंच जाती है। मेले में गधों
का व्यापार करने पहुंचे व्यापारियों के अनुसार पिछली मर्तबा एक गधे की सबसे अधिक बोली डेढ़ लाख तक लगी थी। जानकार दी कि इस मेले में अभी तक एक गधे की बोली 60 हजार रूपये तक पहुंच चुकी है। पशुओं को
सजाने सम्बन्धित दुकाने भी मेला की शोभा बढ़ाते नजर आ रही थी। पितृपक्ष में पक्ष में लगने वाले गधों के इस मेला का पितृ विसर्जन के साथ ही समापन हो जाता है।
मेले का इतिहास…
इस मेले की शुरुआत 1985 में धोबी समाज के पांच लोगों द्वारा उस समय नवरात्र में की गयी थी। जिसमें गरीब धोबी निवासी पड़री, बुढ़ावन धोबी सोनाडीह, रघुनाथ निवासी रामपुर, बरसाती धोबी निवासी गौसपुर जिला गाजीपुर का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। परन्तु मेले के आयोजकों द्वारा सोनाडीह मेले को देखते हुए बाद में इसे पितृपक्ष में कर दिया गया। पहले तो आसपास के जिले के व्यवसायी इसमें शामिल होते थे। धीरे धीरे इस मेले की प्रसिद्धि बढ़ने के साथ ही उत्तराखंड के साथ ही ढोलई महाराष्ट्र, हवेली, वृंदावन, मथुरा, बिहार प्रांत के बाराबंकी व सीवान के व्यापारी यहां पहुंचने लगें। वर्तमान समय में इस मेले के बड़े व्यापारियों में असगर, शौकत नेपाल, शिवकुमार पिंटू बाराबंकी, राजेन्द्र, सुन्दर, खेलावन चिन्हट, शकील मऊ शुमार हैं।

