कोरोना के खिलाफ सरकार द्वारा चलाया जा रहा सघन अभियान : विजय राजभर
मऊ । घोसी विधान सभा क्षेत्र के भाजपा के युवा विधायक विजय राजभर ने बुधवार को कैम्प कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि कोरोना संक्रमण रोकने में केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में सघन अभियान चलाया जा रहा है। सघन अभियान का नतीजा है कि पूरे देश में उत्तर प्रदेश संक्रमण रोकने में अव्वल साबित हुआ है। साथ ही साथ उन्होंने जिले के युवाओं को अधिक से अधिक टीकाकरण के लिए प्रेरित किया।
कैम्प कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान विधायक विजय राजभर ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकना देश के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। इसलिए कोरोना संक्रमण रोकने में युवाओं की काफी महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार द्वारा भी युवाओं को अधिक से अधिक टीकाकरण के लिए उत्साहित करने के उद्देश्य से एक जून से मऊ जनपद समेत सभी जिलों में टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ कर दिया गया है। विधायक विजय राजभर ने बताया कि वर्तमान समय में जिले के आधा दर्जन से अधिक केन्द्रों पर 18 वर्ष से अधिक के युवाओं के टीकाकरण को लेकर विशेष बूथ बनाया गया है। जहां पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी युवाओं को टीकाकरण के लिए तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश चंद्र सिंह ने उन्हें स्वयं अवगत कराते हुए बताया कि जिले में कोरोना टीकाकरण को लेकर युवाओं में सबसे ज्यादा उत्साह है। इसी का परिणाम है कि अगले पांच दिनों तक के लिए जिले के युवाओं द्वारा ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन फुल करा दिया गया है। उन्होंने जिले के सभी चारों विधान घोसी विधान सभा, मऊ सदर विधान सभा, मधुबन विधान सभा एवं मुहम्मदाबाद गोहना विधान सभा के सभी युवाओं को अधिक से अधिक टीकाकरण का आह्वान किया।

