किसी सत्ता, किसी सरकार के आगे नहीं झुकती..
देवकली देवलास: एक अद्भुत धार्मिक स्थल फेसबुक पेज पर शनिवार, दिनांक 28/11/2020 को कविता पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम के लिए दिल्ली की कवयित्री सरला मिश्रा को आमंत्रित किया गया था । कार्यक्रम के प्रारम्भ में पेज के एडमिन और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, प्रयागराज में राजभाषा अधिकारी तथा हिंदी व भोजपुरी के सुप्रसिद्ध कवि देवकान्त पाण्डेय ने आमंत्रित कवि का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया। कवयित्री सरला मिश्रा ने देशभक्ति, धर्म, प्रेम व सामाजिक विषयों पर मुक्तक व गीत आदि प्रस्तुत कर खूब वाह वाही बटोरी । अपने काव्यपाठ की शुरुआत उन्होंने गणेश वंदना से की। उसके बाद ‘तू लिख दे ए कलम ऐसी प्रभाती राष्ट्र के हित में, जो सोया हो धरा पे वह मनुज तन जाग जाएगा’, ‘सब सावन फागुन बीत गए, अन्हरी रतियां भिनसार लगे, चहुं ओर जले हों दीये ही दीये, बिनु श्याम सबै अंधियार लगे’, ‘प्रेम ने प्रेम को प्रेम से यूं कहा,
प्रेम के ही लिए प्रेम ने सब सहा,
प्रेम है इक व्यथा, त्याग का संकलन, प्रेम है वेदना मौन होकर दहा’, ‘बहा दूँ खून का एक-एक कतरा, धन्य हो जाऊं’, ‘किसी सत्ता किसी सरकार के आगे नहीं झुकती,
कलम ही है समय आने पे इक हथियार बन जाए’,
‘सहज सद्भावना भरना हमारा धर्म कहता है’, ‘पिता के पाँव के हमने कभी छाले नहीं देखे’, आदि कविताएँ सुनाईं जिसकी दर्शकों ने अपने कमेन्ट के माध्यम से बहुत सराहना की । साथ ही उन्होंने देवकली देवलास के इतिहास एवं उसके पौराणिक महत्व के बारे में भी चर्चा की और इसे एक बेहतरीन पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की कामना की।

