आरोग्य मेले में लक्षण दिखने पर तुरंत हो RTPCR टेस्ट : CMO
◆ अब रविवार को छोड़ कर सभी दिन लगेगा कोरोना से बचाव का टीका
◆ कोविड-19 के दूसरे लहर से सबको सुरक्षित रखने की है आवश्यकता
मऊ। प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में सरकार की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य विभाग दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचकर अपने स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करा रहा है। जिसमें तमाम तरह की बीमारियों की जांच से लेकर उसके उपचार मौके पर निःशुल्क किए जा रहे हैं।वहीं गंभीर समस्या होने पर मरीज को उच्च इकाईयों के लिए रेफर किया जा रहा है । इस मेले का महत्व तब बढ़ गया है, जब कोरोना के नए स्ट्रेन ने दूसरी लहर के रूप में अपना कहर बरपाना शुरू किया है। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एससी सिंह ने विभाग को हिदायत के साथ जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है, जिसमें छुट्टी के दिन जिले के दूर दराज के क्षेत्र के सभी वर्ग के लोगों ने इलाज का लाभ उनके घर के पास इस स्वास्थ्य मेले के मध्यम से लिया है। उन्होने बताया कि कोरोना की दूसरे लहर की शुरुआत हो गई है जिससे सभी को सावधानी पूर्वक रहने की आवश्यकता है साथ ही उन लोगों को जिन्हें कोरोना से जुड़े लक्षणों के होने की संभावना है, तो वह कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में पहुंचकर आरटीपीसीआर टेस्ट कराकर कोरोना के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होने दिशा निर्देश दिये कि गंभीर लक्षण वाले लोगों सैंपल लेकर उनके पूरे डाटा के साथ जांच और रिपोर्ट देना सुनिश्चित करें। इस समय बहुत ही सतर्क रहने की आवश्यकता है, साथ ही अपने संपर्क में आने वाले लोगों को कोरोना से बचने के साथ-साथ उससे सभी परहेज लेने के साथ 45 वर्ष के ऊपर सभी नागरिकों को जल्द से जल्द जिले के अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर पहुँचकर टीकाकरण कराने की सलाह दें । जनपद में अब सप्ताह में सभी सत्र स्थलों पर छः दिन कोविड के टीकाकरण का लाभ दिया जायेगा । 39 सत्रों के मध्यम से टीकाकरण किया जा रहा है।
डॉ सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 31700 वरिष्ट नागरिकों का टीकाकरण हो चुका है। वहीं हेल्थ केयर वर्करों में 8537 को पहली डोज, 6487 को दूसरी डोज लग चुकी है। 8602 फ्रंट लाइन वर्करों को पहली डोज तथा 4986 को दूसरी डोज लग चुकी है ।
महामारी विशेषज्ञ रविशंकर ओझा ने बताया कि इस कोरोना वायरस का लक्षण अब बहुत तरह पुराने लक्षणों से भिन्न भी हो गया है जिसमें कि इस समय दस्त उल्टी आदि होने पर तुरंत आरटीपीसीआर टेस्ट कराने की सलाह दी जा रही है । साथ ही कहा कि रविवार के दिन लगने वाले अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर लगने वाले स्वास्थ्य मेले में पहुंच कर कोविड-19 के लक्षणों के आधार पर जाँच कराने की सलाह दी।

