अवाम को राहत पहुँचाने वाली उत्तम नीति पर हो रहा है काम : तय्यब पालकी
मऊ। नगर क्षेत्र स्थित वार्ड सं0 31 मदनपुरा जहांगीराबाद मस्जिद के पास शकील अहमद व रफीक का मकान होते हुये इकबाल अहमद के मकान तक तथा नाले पर लगभग 25.00 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले मिट्टी भराई एवं सी.सी. इण्टरलाकिंग कार्याें का लोकार्पण वार्ड सभासद मोहम्मद इस्माईल की उपस्थिति में नगर पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी के हाथों सम्पन्न हुआ। वार्ड सभासद श्री इस्माईल ने पालिकाध्यक्ष का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि श्री पालकी द्वारा वार्ड के सुन्दरीकरण हेतु जिस प्रकार तेजी से कार्य कराया जा रहा है इससे ऐसा प्रतीत होता है कि निकट भविष्य मे हमारे वार्ड की सूरत बदलने वाली है और हमारी समस्याओं का उन्मूलन होने वाला है। इस के लिये हम सभी वार्ड वासी श्री पालकी के आभारी हैं।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने अपने सम्बोधन में लोगों से कहा कि पालिका के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से आज हम प्रदेश में 14वें पायदान पर खड़े हैं, जिसके लिये हमें नगरवासियों का पूर्ण योगदान प्राप्त रहा है। यह नगरवासियों के लिये एक बड़ी उपलब्धि है। इस के लिये हम नगरवासियों को बधाई देते हैं। श्री पालकी का मानना है कि कामियाबी के किसी भी जीने तक पहुँचने के लिये निसंदेह अत्यन्त कठोर परिश्रम करना पड़ता है लेकिन उसी जीने पर यथावत बने रहते हुये उन्नति की ओर बढ़ना एक बड़ी चुनौती होती है। उन्होंने कहा कि उन्नति के इस पड़ाव पर आज हम उसी चुनौती का सामना कर रहे हैं। श्री पालकी ने कहा कि नगर को प्रदेश में प्रथम और देश में अपनी रैंक को ऊपर उठाने के लिये हमें और कठोर मेहनत के साथ ही अनुशासित रूप में संयुक्त तौर पर टीमवर्क करना है जिसके लिये हम तत्पर हैं। श्री पालकी ने अपने मन्तब्य को जाहिर करते हुये कहा कि हम नगर में अति उत्तम व्यवस्था के लिये अपनी नीति पर लगातार काम कर रहे हैं ताकि नगर साफ हो और नगरवासी स्वस्थ्य रहें। विकास के क्रम में बताते हुये उन्होंने कहा कि नगर के मुख्य मार्गाें की मरम्मत के साथ ही वहां पथ-प्रकाश और यात्री-पथ की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि लोगों का आवागमन सुविधापूर्ण एवं सुरक्षित रहे। श्री पालकी ने सड़क दुर्घटनाओं पर काबू पाने के लिये सुझाव देते हुये कहा कि हमें संयम एवं होश के साथ अपने वाहनों को चलाने की आवश्यकता है। कहा कि जब हम बच्चों को बाइक थमाते हैं तो हमारे मन में यह भावना जागरूक रहती है कि हम अपने बच्चों की खुशी का ख्याल रखने वाले अभिभावक हैं जब कि इस के विपरीत हम इस बात से अनभिज्ञ होते हैं कि हमारे द्वारा अपने बच्चों को दी जाने वाली बाइक इनके जीवन की सुरक्षा के लिये कितनी घातक है। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन की सुरक्षा एवं सकारात्मक जीवन जीने के प्रति हम अभिभावकों की विशेष जिम्मेदारियां हैं जिसके प्रति हमें हर समय सतर्क रहने की आवश्यकता है। हम उनके आचरण, विचार एवं व्यवहार पर नजर रखें तथा उनको शिक्षा प्राप्ति के हर संसाधन उपलब्ध करायंे ताकि शिक्षा प्राप्ति के मार्ग में कोई अवरोध आड़े न आये।
श्री पालकी ने बताया कि आगामी 15 जूलाई से प्रदेश सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में 50 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक बैगों के उत्पादन, विक्रय एवं उपयोग पर पाबन्दी लगा दी गयी है। प्रतिबन्ध के बाद अब 50 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक का उपयोग नियमानुसार गैर कानूनी होगा। उन्होंने अवाम से अपील करते हुये कहा है कि आप अपनी जागरूकता का परिचय देते हुये उक्त मानक के विपरीत प्लास्टिक बैगों का प्रयोग न करें।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सभासदगण अबरार अहमद, सभासद प्रतिनिधि मुनव्वर अब्दुलगफूर, नसीम अख्तर व हाफिज इजहार अहमद, वकार अहमद, फिरोज अहमद, मोहम्मद अली, सोनू, अबू बकर, मसऊद आजाद, रफीक अहमद, मोईद अहमद, रईस आलम, अफजाल अहमद, अब्दुलहन्नान, अल्तमश अली आदि के इलावा बड़ी संख्या में लोग उपस्थिते रहे।

