अमृत पब्लिक स्कूल में भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन
मऊ। नगर के अमृत पब्लिक स्कूल में पूर्ण हर्षोल्लास के साथ कक्षा 12 का विदाई समारोह मंगलवार को सम्पन्न हुआ। समारोह का प्रारंभ विद्यालय के प्रबंधक वी० डी० सिंह ने केक काटकर किया और बच्चों को सफलता के पथ पर दृढ निश्चय के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। विदाई के समारोह में ग्यारहवी के बच्चों द्वारा विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रमों की श्रेणी में पूजा प्रजापति और शिवांगी सिंह द्वारा गाया गया गीत “कभी अलविदा ना कहना” सबके हृदय को छू गया। इसी क्रम में बच्चों द्वारा नाटक की प्रस्तुति की गई जिसके माध्यम से यह प्रस्तुति की गयी कि आज के गजट्स के प्रयोग के संक्रमण काल में विद्यार्थी अपने सही कैरिएर का चुनाव कैसे करे और कैसे निरन्तर सफलता हासिल करें। इसी के साथ बारहवीं के बच्चों को विद्यालय की तरफ से स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया और सभी कक्षाध्यापकों ने क्रमशः आशीर्वचन दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्या डॉ० माया सिंह ने आशीर्वादित शब्दों द्वारा कहा कि आज का समय प्रतिस्पर्धा का है, जहां हमें हर प्रकार की तकनीकि का सही इस्तेमाल एवं समय का सदुपयोग करना सीखना चाहिए, जिससे कि हम विकासशील से विकसित की तरफ अग्रसर हो सकें । इस मौके पर सभी अध्यापक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

