अब 48 घंटे पहले दी जा रही कोविड-19 टीकाकरण की सूचना
मऊ। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के जिले में खात्मे के लिए आगामी दो दिवसों में होने वाले कोविड-19 के टीकाकरण की सूचना सरकार के निर्देशानुसार को-विन पोर्टल के माध्यम से अब 48 घंटे पहले भेजी जा रही है। गत दिवस (16 फरवरी) 16 जनवरी को हुये टीकाकरण में 264 लाभार्थियों में 244 ने कोरोना टीकाकरण की दूसरी डोज़ ली ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीशचन्द्र सिंह ने बताया कि कोविड-19 के टीकाकरण का ज्यादा से ज्यादा लोगों को सूचना देने और उनके अपने निकटतम सत्र स्थलों की जानकारी प्राप्त होने के लिये सरकार के निर्देशानुसार पंजीकृत लाभार्थियों को पोर्टल के माध्यम से 48 घंटे पहले सूचना वितरित करने का आदेश हुआ है। इसके लिए डिस्ट्रिक कोल्ड चैन मैनेजर कामख्या मौर्य के द्वारा दिन रात लग कर को-विन पोर्टल पर डेटा अपलोड किया जा रहा है, जिससे कि लाभार्थीयों को दो दिन पहले से सूचना प्राप्त हो जायेगी। 18 फरवरी को 14 सत्र के मध्यम से 1999 अग्रिम पंक्ति (फ्रंट लाइन वर्कर) के सुरक्षा व नगर पालिका कर्मियों को टीकाकरण की सूचना भेजी जा चुकी है। 19 फरवरी को 1016 हेल्थकेयर वर्करों को टीकाकरण की दूसरी डोज़ के लिये सूचित कर दिया गया है। सीएमओ ने कहा कि पंजीकृत लाभार्थियों को सूचना अपने मोबाईल के इनबॉक्स में देखना चाहिये, बहुत से लोग वाट्सअप में मैसेज का प्रतीक्षा करते हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ बीके यादव ने बताया कि सभी लाभार्थीयों को ध्यान देना जरुरी है कि वह टीका लगवाने से पहले अपने स्वास्थ्य की पूरी जानकारी दें जिसमे टीका लगवाने से पूर्व यदि एलर्जी, बुखार, रक्त बहने या रक्त पतला करने की कोई दवा ले रहे हैं, या प्रतिरक्षा क्षमता कम है तो संबंधित स्वास्थ्य अधिकारी को इसकी जानकारी अवश्य दें। गर्भवती या स्तनपान करा रही हैं तो महिलाओं को भी टीका लेने से पहले स्वास्थ्य अधिकारी को पूरी जानकार देनी चाहिए।
डॉ यादव ने बताया कि अब तक के टीकाकरण में किसी भी लाभार्थी को कोविड-19 के टीके के चलते किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव या कोई लक्षण नही मिला है। टीकाकरण के 244 लाभार्थियों को दूसरी डोज़ का वैक्सीनेशन किये जाने के 48 घंटे से ज्यादा हो चुका है जिसमे स्वास्थ्य विभाग के सभी बड़े अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं, लेकिन कोई समस्या नहीं आई।
सीरम इंस्टीट्यूट की फैक्टशीट के अनुसार कोविशील्ड टीका 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए है। यह टीका उन लोगों को नहीं लगना है जिन्हें पहली खुराक के बाद गंभीर रूप से एलर्जी हुई हो। इसके लिए चिकित्सक से परामर्श लें। लाभार्थी को कोविशील्ड से जुड़े प्रतिकूल प्रभाओं को लेकर सामान्य तौर थकान महसूस होना, कंपकंपी या बुखार सा महसूस होना, सिर दर्द की शिकायत आम हो सकती है। वैक्सीन लगने के बाद कुछ घंटों में यदि कोई साइड इफेक्ट दिखता है तो इस बारे में वैक्सीन लगाने वाले को तत्काल जानकारी दें। या जिला कोविड-19 कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पर बने हेल्प-लाइन नंबर 05498-220827, प्रदेश हेल्प लाइन नंबर 104 पर सम्पर्क करें।


