सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट की तबियत अचानक खराब होने के बाद उन्हें देहरादून के जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को योगी आदित्यनाथ के पिता की तबियत खराब होने पर उन्हें यमकेश्वर के पंचूर गांव से जौलीग्रांट के हिमालयन अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। जहां चेकअप के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया है। हालांकि, अभी उनकी बीमारी के बारे में कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं।
अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी अनूप रावत ने आनंद सिंह बिष्ट के अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि आनंद सिंह बिष्ट को डिहाइड्रेशन की शिकायत थी। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों की देखरेख में आनंद सिंह बिष्ट का इलाज चल रहा है। बता दें कि योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट अपने गांव यमकेश्वर के पंचूर में रहते हैं। योगी के पिता उत्तराखंड में फॉरेस्ट रेंजर पद से 1991 में रिटायर होने के बाद अपने गांव में ही रहते हैं।

