साहित्यधर्मी यदुनाथ सिंह मुरारी को राज्यपाल देंगे शब्दार्थ गौरव सम्मान
लखीमपुर खीरी। विकास खंड बाकेगंज निवासी लेखक एवं पत्रकार यदुनाथ सिंह मुरारी को 5 अक्टूबर को राज्यपाल राम नाईक उत्कृष्ट लेखन एवं लोकोपयोगी पत्रकारिता के लिए “शब्दार्थ गौरव सम्मान” से अलंकृत करेंगे।
यह सम्मान उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के यशपाल सभागार में अपराह्न 3 बजे आयोजित प्रभाश्री साहित्य महोत्सव में प्रदान किया जायेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर सदानंद गुप्त करेंगे।
उल्लेखनीय है जनोपयोगी साहित्य लेखन के क्षेत्र में श्री मुरारी को वर्ष 2002 में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इनकी चार पुस्तकों को भी अखिल भारतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ.राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय, फैज़ाबाद में जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में बतौर असिस्टेंट प्रोफ़ेसर यदुनाथ अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब तक इनकी 25 से भी अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।
क्षेत्रवासियों ने यदुनाथ को शब्दार्थ गौरव पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।