रमेश पटेल हत्याकांड के पर्दाफास व पुलिस के खिलाफ भाआपा का बेमियादी क्रमिक अनशन शुरू
◆ भाई के हत्यारों की गिरफ्तारी को मृतक की छोटी बहन भी उतरी सड़क पर
बिलथरारोड/बलिया़। उभांव थाना क्षेत्र के पलिया निवासी रमेश पटेल की हत्या के पर्दाफास व इस मामले में पुलिस की भ्रष्ट कार्यशैली के विरूद्ध भारत आजाद पार्टी द्वारा रविवार को तिरनई खिजिरपुर चट्टी पर अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू की गयी। तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन के दौरान पुलिस को दिये गये 4 दिन के अल्टीमेटम के बावजूद इस मामले में कोई कार्यवाही न होने पर पार्टी द्वारा यह कदम उठाया गया। बेमियादी क्रमिक अनशन के दौरान वक्ताओं ने पुलिस प्रशासन की भ्रष्ट कार्यशैली पर जमकर हमला बोला। कहा कि पुलिस पैसे का लेनदेन कर मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। इस दौरान मृतक की छोटी बहन भी क्रमिक अनशन में शामिल रही।
रमेश पटेल की हत्या के खुलासे की मांग को लेकर भाआपा रविवार को पुलिस पर हमलावर रही। तिरनई खिजिरपुर चट्टी पर रविवार को शुरू हुए क्रमिक अनशन के दौरान वक्ताओं ने पुलिस पर जमकर हमला बोला। कहा कि इस मामले में पुलिस की नीयत ठीक नही है। वह मामले के खुलासे के बजाय इसे उलझाकर हत्यारों को बचाने की साजिश रच रही है।। सवाल उठाया कि पुलिस पिछले एक माह से इस मामले में जांच के नाम पर आखिर कर क्या कर रही है। कहा कि पिछले एक साल से क्षेत्र में लगातार हत्या, लूट, छिनैती, चोरी की अनगिनत घटना होने के बावजूद पुलिस किसी का खुलासा करने में कामयाब नही हो सकी है जो उसकी कार्य-प्रणाली को आईना दीखा रही है। इस दौरान वक्ताओं ने जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में एक युवक की हत्या होती है परन्तु उनको इसकी सूध लेने की भी फुरसत नही है। कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों से जनता क्या अपेक्षा कर सकती है। वक्ताओ ने कहा कि पार्टी का मृतक रमेश पटेल को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। वक्ताओं में पार्टी के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद मानव, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र पटेल, वारिस खां, राजकुमार, भरत पटेल, रामशरण यादव, मृतक की बहन लक्ष्मीना पटेल, मंजू देवी, लालसी देवी, गायत्री देवी, देवन्ती देवी, प्रमिला देवी, हीरामन पटेल, विजयी पटेल, उपेन्द्र प्रसाद, गुल्लू प्रसाद राजभर, गौरी शंकर पटेल, हर्षदेव पटेल, उमेश, तेजबहादुर, आरपी सिंह पटेल आदि प्रमुख रहे।
यह है पूरा मामला…
उभांव थाना क्षेत्र के पलिया निवासी रमेश पटेल 5 मई की रात अपनी पत्नी के साथ गांव में ही एक शादी समारोह में सम्मिलित होने गया था। उसकी पत्नी सोमारी के अनुसार रात में उसके पति उसे घर छोड़ कर पुनः शादी में शामिल होने चले गये थे। दूसरे दिन सुबह जब वह जगी तो देखा कि उसके पति आंगन में सोये हुए थे। उसने इस बीच अपने पति को उठाने की कोशिश की तो उनकी हालत देखकर उसे उसकी मौत का आभास हुआ। उस समय उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां आ पहुंचे। लोगों ने देखा कि रमेश अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ है तथा उसके गले पर काला निशान व जीभ बाहर निकली हुई है। पीएम रिपोर्ट में उसकी मृत्यु गला कसने से बतायी गयी। जो कि साफ रमेश की हत्या की तरफ इशारा करती है। रमेश के मृत्यु के चौथे दिन उसकी पत्नी ने उभांव पुलिस को एक तहरीर देकर अपने पति की हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की थी। बाद में भारत आजाद पार्टी ने इस मामले के खुलासे के लिए एसपी बलिया से मांग की थी। तब एसपी के आदेश पर सीओ रसड़ा व फोरेंसिक टीम ने अपनी जांच शुरू की थी परन्तु एक माह से अधिक बीतने के बाद भी पुलिस सिर्फ जांच की प्रक्रिया में ही जुटी हुई है।
बहन नें भाई की हत्या में भाभी का हाथ होने का लगाया आरोप, अपनी हत्या की भी व्यक्त की आशंका…
बिल्थरारोड/बलिया। रमेश पटेल हत्याकाण्ड के खुलासे के लिए मृतक की छोटी बहन ने भी पुलिस अधीक्षक को एक पत्र लिखकर इसकी जांच गोपनीय अपराध सेल से कराने की मांग की है। उसका आरोप है कि नजायज सम्बन्ध के चलते उसके भाई की पत्नी ने ही उसकी हत्या कराकर उसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश कर रही है ताकि उसकी सम्पति पर भी अधिकार कर सके। उसने अपनी भाभी पर स्वयं की हत्या कराने का अंदेशा व्यक्त करते हुए अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक लखनऊ के अलावा जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी व सीओ रसड़ा को भी भेजी गयी है।
मृतक रमेंश पटेल की छोटी बहन लक्ष्मीना पत्नी संजय पटेल निवासी सूरजनपुर थाना गंभीरपुर जिला आजमगढ़ ने पुलिस अधीक्षक को लिखे गये पत्र में आरोप लगाया है कि उसकी भाभी जो कि उसकी सगी ननद भी है ने ही मेरे भाई की हत्या कराकर उसे आत्महत्या का रूप देने पर तुली हुई है। उसने पत्र में अपनी भाभी पर नाजायज सम्बन्ध का भी आरोप लगाया है तथा बकायदा उस व्यक्ति का नाम का जिक्र भी पत्र में किया है। उसने अपनीं भाभी द्वारा शादी से पूर्व उसके भाई को पिटवाने का आरोप भी लगाया है। आरोप है कि भाभी के नाजायज सम्बन्ध की बात की जानकारी भाई को होने पर साजिश के तहत उसकी हत्या करा दी गयी। पत्र में आरोप है कि भाभी के चलते अब उसे भी उसके ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोप है कि चूकि मां-बाप की मृत्यु के बाद अब वही अपने भाई की सगी रह गयी है अतः भाई की सम्पति हड़पने के भाभी द्वारा उसकी भी हत्या कराकर उसे आत्महत्या साबित कराने का प्रयास किया जा सकता है। इस आशंका के तहत उसने एसपी से अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगायी है।

