मोदी के गढ़ में ओमप्रकाश राजभर ने दी दस्तक, गुजरात की 25 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
(आनन्द कुमार)
मऊ। गुजरात से राजनीतिक पारी खेल कर पूरे भारत सहित विश्व में अपनी राजनीति का डंका बजवाने बाले प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के गढ़ गु़जरात में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के सहयोगी दल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी भी गुजरात के होने बाले विधानसभा चुनाव के चुनावी समर में कूद छड़ी के सहारे नया गुल खिलाने की फिराक में लगी हुयी है। गुजरात के औद्योगिक नगरी सूरत से अपनी पार्टी की सूरत में चार चांद लगाने की तैयारी में सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पहली बार गुजरात की राजनीति में प्रवेश कर न सिर्फ राजभर समाज बल्कि समाज के अन्य लोगों को साथ लेकर गुजरात को पीलामय करना चाहते हैं। भासपा मुखिया गुजरात प्रदेश के 25 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बकायदा जमीनी बिसात बिछा चुके हैं। वे गुजरात में सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी की नींव तैयार करने में कबसे लगे हैं यह तो किसी को नहीं मालूम हां इतना तय है कि भासपा की भाजपा के गढ़ गुजरात में राजनीति करने की पटकथा लिखी जा चुकी है अब सिर्फ उसका विमोचन बाकी है।
भासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर की कोर ग्रुप की एक टीम सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व यूपी की चुनावी समर में मऊ सदर विधानसभा के चुनाव में विधायक मोख्तार अंसारी को कड़ी टक्कर देने बाले भासपा-भाजपा प्रत्याशी महेंद्र राजभर के साथ कमलेश राजभर अरविंद राजभर, छोटे लाल राजभर, पप्पू राजभर, हरिहर राजभर, जंग बहादुर राजभर, चंदशेखर राजभर सहित एक दर्जन लोगों को लेकर उत्तर प्रदेश से सूरत पहुंच चुके हैं। वहां पर यह लोग गुजरात प्रदेश के अध्यक्ष छोटे लाल राजभर, गुजरात प्रदेश उपाध्यक्ष रामधारी राजभर, अरविंद राजभर, गुजरात प्रदेश महामंत्री अभिषेक राजभर, सुहेलदेव ट्रस्ट के अध्यक्ष केशव नंदन आर शर्मा, प्रदेश सचिव नंदलाल सिंह पटेल, प्रदेश संगठन मंत्री, अंकित मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष शेषनाथ राम राजभर, जिला सलाहकार, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के लिंबायत विधानसभा प्रत्याशी वीरेंद्र भोलानाथ पटेल के साथ मिलकर 19 नवंबर 2017 को अपराहन 12 बजे से 6 बजे रखे गये सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा सूरत के लिंबायत विधानसभा के नीलगिरी मैदान में होने बाले जनसभा की तैयारी को लेकर दिन रात एक किए हुए हैं। लोग वहां पर न सिर्फ समाज के लोगों से मिल रहे हैं बल्कि पूर्वांचल, यूपी, बिहार व झारखंड के लोगों के बीच जाकर उनकी रहनुमाई करने की बात बता रहे हैं।
गुजरात से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर ने फोन वार्ता के दौरान बताया कि गुजरात के इस जनसभा में 25 हजार लोगों को इकठ्ठा करने की तैयारी की गयी है। उन्होंने बताया की राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व में मौजूद भीड़ के बीच सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी अपने चुनाव के श्री गणेश का आगाज करेगी। श्री राजभर ने बताया कि भासपा शोषित, दलित, पिछड़ा व सर्व समाज के लिए कार्य करने लिए कटिबद्ध है तथा उनके उत्थान व विकास के लिए कार्य करती रहेगी।
ऐसे में सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी की उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के साथ गठबंधन सरकार का धर्म नगर निकाय चुनाव में तो निभता नहीं दिखता ऐसे में गुजरात के चुनावी समर में ओमप्रकाश राजभर का दस्तक भाजपा के शीर्ष नेताओं को कितना रास आएगा यह तो भविष्य के गर्त में है। भाजपा, भासपा के साथ गुजरात में गठबंधन करती है या नहीं यह तो वही जाने लेकिन ओमप्रकाश राजभर भाजपा के साथ गलबहियां खर राजनीति की गोटी को जो धीरे धीरे फिट कर रहे हैं। यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगा कि वे राजनीति के चतुर खिलाड़ी बन चुके हैं। हां उन्हें सावधान भी रहना होगा क्योंकि भाजपा महाचतुर है।