प्रधानमंत्री द्वारा अयोध्या में श्रीराम मंदिर की आधारशिला रखने पर बेल्थरा में जश्न का माहौल
◆ नपं अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं के साथ रेलवे चौराहा स्थित मानस मंदिर में दीप प्रज्जवलित कर की भगवान श्री राम की आरती
बिल्थरारोड/बलिया। अयोध्या में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र दामोदर मोदी द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के मन्दिर की आधारशिला व भूमि पूजन को लेकर नगरनिवासियों में काफ़ी उत्साह रहा। एक तरफ जहां नपं अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्त ने रेलवे चौराहा स्थित मानस मंदिर में पूजा अर्चना की वहीं दूसरी तरफ नगरवासियों ने जमकर आतिशबाज़ी की व जय श्री राम के नारों का उदघोष भी किया। इस दौरान नगर में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए नवागत सीयर पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार सिंह अपने हमराहियों के साथ मुस्तैद रहे।
सुबह से ही लोग प्रधानमंत्री द्वारा अयोध्या में श्री राम मंदिर की आधारशिला रखे जाने को लेकर उत्साहित रहे। मंदिर की आधारशिला रखने के कार्यक्रम को अपनी आंखों से देखने के लिए लोग अपने टीवी व मोबाइल से चिपके रहे। प्रधानमंत्री द्वारा कार्यक्रम के सकुशल सम्पन्न होने के बाद उत्साहित लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। इस दौरान नगर के मानस मंदिर को खूब सजाया गया था। शाम को नपं अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्त के साथ ही शिवकुमार जायसवाल ने मंदिर में दीप प्रज्जवलित किया तथा भगवान श्री राम की आरती की। कार्यक्रम में नगरवासियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया तथा अपने ईष्ट देव की अराधना की। इस दौरान आतिशबाजी व मिष्ठान का भी वितरण किया गया। भगवान की आरती करने वालों में प्रमुख रुप से अर्जुन राजभर, विजय सिंह, पिक्की वर्मा, राममनोहर गांधी, संजय बरनवाल, दयाशंकर गुप्ता, अमित जायसवाल, ओमप्रकाश गुप्ता, सतीश राव अंजय, अजय यादव आदि रहे। उधर नगर के युवाओं की उत्साहित टोली ने भी ख़ुशी व्यक्त करते हुए आतिशबाजी व मिष्ठान वितरित किया। जिसमें मुख्य रूप से विक्की सिंह “सूर्यवंशी”, नवनीत सिंह “नन्हे”, शशि कुशवाहा, रवि प्रताप सिंह, मुकेश शर्मा”खली”, मनीष सिंह “सोनू”, विशाल त्रिपाठी, प्रवीण चौरसिया, आज़ाद, शैलेंद्र, विनय वर्मा, राजकुमार आदि शामिल रहे।


