अपना जिला

नगर क्षेत्र स्थित घरों में 5560 शौचालय बनाने का लक्ष्य निर्धारित, शौचालय हेतु 20 हजार का अनुदान : पालकी

मऊनाथ भंजन। नगर क्षेत्र के वार्ड नं0 5 चन्द्रभानपुर, ख्वाजाजहांपुर में ओवरब्रिज के नीचे रामविलास भारतीय, बालकृपुन होते हुये सतीश कुमार तक लगभग 2.85 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले मिट्टी भराई व खड़ंजा कार्य का लोकार्पण नपा अध्यक्ष तय्यब पालकी के हाथों सम्पन्न हुआ। 
इस अवसर पर वार्ड सभासद आशीष कुमार व क्षेत्रीय लोगों ने श्री पालकी का भव्य स्वागत किया। श्री कुमार ने अपने आभार में कहा कि हमारा वार्ड पालिका अध्यक्ष श्री पालकी के नेतृत्व में तेजी से विकास की डगर पर चल पड़ा है, जिसके लिये हम वार्ड वासी इनके आभारी हैं। सम्पन्न कार्याें के लोकार्पण से क्षेत्रीय जनता को मिलने वाली राहत से उन्होंने अपनी प्रसन्नता भी जाहिर की।
लोगों को सम्बोधित करते हुये पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने कहा कि नगर के समुचित विकास के लिये नगर वासियों को भी जागरुक होने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत नगर क्षेत्र स्थित जिन घरों में शौचालय निर्मित नहीं हैं उन घरों में शौचालय निर्मित कराने हेतु 20 हजार रू0 की धनराशि पालिका द्वारा उपलब्ध कराने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में नगर क्षेत्र में लगभग 5560 शौचालय निर्मित कराने का हमारा लक्ष्य है। इस सम्बन्ध में हमें अबतक लगभग 6000 आवेदन प्राप्त हुये हैं, जिनमें से 4500 आवेदकों को अनुदान की धनराशि आवंटित की जा चुकी है। श्री पालकी ने अतिरिक्त जानकारी देते हुये बताया कि इस मद में चार हजार रूपये केन्द्र सरकार, चार हजार रूपये उ0प्र0 सरकार और बारह हजार रूपया अनुदान के रूप में नगर पालिका परिषद द्वारा उपलब्ध करायी जा रही है। श्री पालकी ने कहा कि इस बड़ी अनुदान की धनराशि को प्राप्त कर आप अपने घरों में अविलम्ब शौचालय निर्मित करालें। उन्होंने कहा कि सफाई से न केवल हमारा सामाजिक स्तर ऊपर उठता है बल्कि समाज में बीमारियों के फैलने पर भी रोक लगती है। श्री पालकी ने बताया कि नगर को हर प्रकार से स्वच्छ बनाया जायेगा। इस में विशेष रूप से हमें अवाम का सहयोग भी अपेक्षित है।
इस अवसर पर विक्की कुमार, नसीम अहमद, राजू कुमार सैनी, मुनव्वर अब्दुल गफूर सभासदगण एवं रामविलास भारती, बालकिशुन, सतीश, सोनू, मनोज राम के इलावा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *