जयंती विशेष : पूर्व विधायक विष्णुदेव गुप्त
(जयशंकर गुप्त)
मऊ। आज पूज्य पिताजी, स्वतंत्रता सेनानी, लोकतंत्र सेनानी, समाजवादी नेता, पूर्व विधायक एवं समाजवादी जन परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णुदेव जी का जन्म दिन है। आज के दिन ही 15 नवंबर 1920 को उनका जन्म ग्राम नंदौर (मधुबन), जनपद आजमगढ़ (अभी मऊ) में हुआ था। आज अगर वह जीवित होते तो सौ साल के होते लेकिन 25 नवंबर 2001 को वे हम सबको छोड़ अनंत की यात्रा पर निकल गये थे।
इस बार सोचा था कि हमें समाजवाद, बुराई के खिलाफ सच, ताकतवर के विरुद्ध कमजोर का साथ देने, अपने लिए निर्धारित मूल्यों के साथ कभी समझौता नहीं करने, किसी के आगे न झुकने और ना ही किसी को झुकाने, समाजवाद और सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता जैसे मूल्यों के लिए सतत संघर्ष, ईमानदारी और सहिष्णुता का पाठ बचपन से ही पढ़ाने वाले पिताजी का जन्म शती समारोह मधुबन में उनके द्वारा स्थापित डा. राममनोहर लोहिया कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगड़ में धूम धाम से मनाएंगे। लेकिन कोरोना और इससे जुड़े प्रोटोकोल नियमों ने हमारे इरादों पर पानी सा फेर दिया। इसके बावजूद हर साल की तरह इस बार भी उनकी पुण्यतिथि पर मधुबन में डा. राममनोहर लोहिया कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगड़ में उनकी स्मृति में कार्यक्रम होगा जिसमें शरीक होने के लिए हम 22 नवंबर से लेकर 25 नवंबर तक मधुबन, मऊ में और 25-26 से 29 नवंबर तक बेल्थरा रोड, बंशीबाजार में रहेंगे। आसपास के मित्र, साथी, पुराने सहयोगी मधुबन के कार्यक्रम में शामिल हो सकें तो प्रसन्नता होगी।
कुछ मित्रों की राय बनी है कि इस पूरे साल को विष्णुदेव जन्मशती वर्ष के रूप में मनाया जाए। एक स्मारिका का प्रकाशन हो जिसमें उनसे जुड़े रहे अथवा उन्हें करीब से जाननेवाले लोगों के लेख, संस्मरण प्रकाशित किए जाएं। हमने इसके लिए हामी भरी है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो साल के बीच में सेमिनार संगोष्ठी के आयोजन के साथ ही अगले साल इसी नवंबर महीने में उनकी जन्मशती का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा और उसी समारोह में उनकी स्मृति में प्रकाशित होने वाली पत्रिका का विमोचन-लोकार्पण भी होगा। साथियों, सहयोगियों से सहयोग-समर्थन अपेक्षित है।

