अपना जिला

ग्लोबल मेंस्ट्रूअल हाइजीन डे पर, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर किशोरियों को दिया गया परामर्श

मऊ। जनपद के गांव एवं कस्बों की किशोरियों, युवतियों और महिलाओं को महावारी के दौरान किए जाने वाले उपायों और सावधानियों से अवगत कराने के लिए ग्लोबल मेंस्ट्रूअल हाइजीन डे जिले के सभी ब्लॉकों के पीएससी व सीएचसी, आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मनाया गया।
सीएमओ डॉ सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत किशोरी सुरक्षा योजना चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य 10 से 19 वर्ष के किशोरियों में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के बारे में जागरूक करना और उनके व्यवहार में परिवर्तन लाना है। सभी सामुदायिक स्वाथ्य केन्द्रों, सरकारी स्कूलों (अपर प्राइमरी से इंटर तक), आंगनबाड़ी केन्द्रों में चिन्हित किशोरियों को शासन द्वारा निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए।
इस मौके पर आरबीएसके टीम फ़तेहपुर मंडाव की डॉ. अनीता सिंह ने बताया कि माहवारी के समय किशोरियों को विशेष ध्यान रखना चाहिए। एक पैड 4 से 6 घंटे तक इस्तेमाल न करें। पैड को खुले में न फेकें क्योंकि खुले में फेंके जाने से बीमारियों के फैलने का खतरा रहता है। पैड को जमीन में गहरा गाड़ दें या उसको जला दें या कागज में लपेटकर उसका उचित निस्तारण करें।
कोपागंज आरबीएसके टीम की डॉ. प्रज्ञा ने किशोरियों को जानकारी दी। उन्होने बताया कि गंदे कपड़ों के इस्तेमाल से संक्रमण अधिक रहता है, गंदे कपड़े की वजह से बच्चेदानी में संक्रमण का खतरा रहता है इससे बांझपन की शिकायत भी हो सकती है और यूरीन इनफेक्शन होने पर ट्यूब ब्लॉक हो सकती है।
आरबीएसके के डीईआईसी मैनेजर अरविन्द वर्मा ने बताया कि किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के मुह्म्दाबाद, रतनपुरा, फ़तेहपुर, मंडाव, कोपागंज समेत सभी ब्लाकों के आंगनबाड़ी केन्द्रों में किशोरियों को सेनेटरी पैड निःशुल्क वितरित किये गये और मौके पर मौजूद महिला डाक्टरों ने किशोरियों को महावारी स्वछता प्रबंधन सम्बन्धित सवाल और जवाब किया। उन्होने बताया कि ग्लोबल मेंस्ट्रूअल हाइजीन डे के बाद भी जागरूकता एवं मॉनिटरिंग आरबीएसके टीम द्वारा किए जाएंगे और साथ ही आरबीएसके टीम चिकित्सीय जांच हेतु भ्रमण का कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *