चर्चा में

उत्कृष्ट साहित्य सेवा के लिए राज्यपाल द्वारा सम्मानित हुए पत्रकार यदुनाथ सिंह मुरारी

(राकेश मिश्रा)

लखनऊ। शरद पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश की राजधानी स्थित उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान का यशपाल सभागार ज़िले की एक प्रतिबद्ध साहित्यिक प्रतिभा के सम्मान का साक्षी बना। लखीमपुर खीरी जनपद के विकास खंड बाँकेगंज निवासी लेखक एवं पत्रकार यदुनाथ सिंह मुरारी को वृहस्पतिवार को राज्यपाल राम नाईक ने उत्कृष्ट लेखन एवं लोकोपयोगी पत्रकारिता के लिए “शब्दार्थ गौरव” सम्मान से अलंकृत किया। प्रभाश्री साहित्य महोत्सव अंतर्गत आयोजित इस सारस्वत समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर सदानंद प्रसाद गुप्त ने की।

लेखक एवं पत्रकार श्री मुरारी को राज्यपाल श्री नाईक ने ‘शब्दार्थ गौरव’ सम्मान के रूप में सम्मान-पत्र, स्मृतिपत्र और अंगवस्त्रम् देकर सम्मानित किया। प्रभाश्री ग्रामोदय आश्रम द्वारा पूर्व मंत्री डॉ. सरजीत सिंह डंग के मुख्य संयोजकत्त्व में आयोजित इस समारोह में राज्यपाल ने वरिष्ठ आई.ए. एस. अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ‘देवी काव्य परम्परा’तथा डॉ.जितेंद्र कुमार सिंह संजय की ‘शब्दार्थ का सौहित्य’ पुस्तक द्वय का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में श्री मुरारी के अतिरिक्त साहित्य, कला एवं संस्कृति जगत की पाँच अन्य लब्ध-प्रतिष्ठ विभूतियों को भी सम्मानित किया गया।इन विभूतियों में पंडित रघुराज दीक्षित मंजु, डॉ.अनुज प्रताप सिंह, सुरेश कुमार सिंह IAS, राजेश जायसवाल और पद्मिनी श्वेता सिंह के नाम उल्लेखनीय हैं। अपने उदबोधन में राज्यपाल ने कहा कि रचनाधर्मिता का सम्मान होना चाहिए। कार्यक्रम को हिंदी संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष प्रो.सदानंद प्रसाद गुप्ता ने अपना अध्ययक्षीय उदबोधन दिया।
उल्लेखनीय है जनोपयोगी साहित्य लेखन के क्षेत्र में श्री मुरारी को वर्ष 2002 में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इनकी चार पुस्तकों को भी अखिल भारतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
श्री मुरारी डॉ.राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय, फैज़ाबाद में जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में बतौर असिस्टेंट प्रोफ़ेसर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब तक इनकी 25 से भी अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।
क्षेत्रवासियों सहित पत्रकार व लेखक ने श्री मुरारी को शब्दार्थ गौरव पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *