अवैध पैथालॉजी व झोला छाप डाक्टरों की भरमार
बिल्थरारोड/ बलिया। क्षेत्र में सेहत का कारोबार चरम पर है। नगर सहित ग्रामीण इलाकों में झोलाछाप डाक्टरों व अवैध पैथालॉजी केन्द्रों की भरमार हो गयी है। भोले-भाले मरीजों को गलत जानकारी देकर उनका शोषण करना इनकी नियति बन गयी है। ऐसे चिकित्सकों व पैथालॉजी के बावत जानकारी के बावजूद जहां स्वाथ्य महकमा इनके प्रति उदार बना हुआ है वहीं शिकायत के बावजूद इन पर प्रभारी कार्यवाही न होने से इनके हौसले बुलन्द हैं।
क्षेत्र में झोला छाप चिकित्सकों व अवैध पैथालॉजी केन्द्र की चांदी कट रही है। झोला छाप डाक्टर ही नही बल्कि सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक भी इन पैथालॉजी केन्द्रों को बढ़ावा देने में पीछे नहीं हैं। हालात यह है कि सरकारी अस्पतालों में स्थापित पैथालॉजी के बावजूद मरीजों की जांच निजी पैथालॉजी पर कराना चिकित्सकों का शगल बन गया है। स्वास्थ्य महकमे की अनदेखी के चलते अवैध पैथालॉजी केन्द्रों व झोला छाप डाक्टरों का व्यवसाय दिनो-दिन बढ़ता जा रहा है।अभी तक न जाने कितने मरीज इन झोला छाप डाक्टरों व पैथालॉजी सेंटरों के चक्कर में पड़ कर अपनी जान गवां बैठक हैं अथवा गंभीर बीमारियों को निमन्त्रण दे चुके हैं। बावजूद इसके आजतक इन पर कोई प्रभावी कार्यवाही नही हो सकी है। इनकी शिकायतों के बाद भी विभाग की इन पर मेहरबानी लोगों के समक्ष कई यक्ष प्रश्न खड़ी कर रही है। देखना है स्वास्थ्य महकमा लोगों के स्वास्थ्य के प्रति कब जागरूक होकर इन पर कार्यवाही कर लोगों के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ से उनकी रक्षा करता है।
