अग्निशमन केन्द्र की स्थापना की बाट जोह रहा बेल्थरारोड
(अशोक जायसवाल)
बिल्थरारोड/बलिया। तहसील क्षेत्र में फायरविग्रेड की स्थापना न होने से आगलगी की घटनाओं से बचने के लिए लोगों को रामभरोसे ही रहना पड़ता है। अक्सर ऐसी घटनाओं में 30 किमी दूर रसड़ा से जब तक दमकल घटना स्थल पहुंचता है तब तक सबकुछ स्वाहा हो जाता है। क्षेत्र के निछुआडीह में प्रस्तावित फायरविग्रेड की स्थापना को आज भी बजट का इंतजार है।
गर्मी के मौसम की आहट व गेंहू की फसल तैयार होने के साथ ही क्षेत्रीय किसानो के दिल की धड़कन बढ़ने लगी है। कारण क्षेत्र में फायरविग्रेड की स्थापना का न होना है। हालत यह है कि यह क्षेत्र आगलगी की घटनाओं पर काबू के लिए यहां से 30 किमी दूर रसड़ा तहसील में स्थापित दमकल पर निर्भर रहता है। गर्मी के मौसम में अक्सर गेंहू की फसलें आगलगी का शिकार होती रही हैं।
तहसील की स्थापना के 28 वर्ष बाद भी क्षेत्र को एक अदद अग्निशमन केन्द्र की स्थापना का इंतजार है। स्थानिय भाजपा विधायक धनन्जय कन्नौजिया के प्रयास के बाद भी निछुआडीह में प्रस्तावित फायरविग्रेड को अभी भी बजट की मंजूरी नही मिल सकी है। दमकल न होने के चलते प्रत्येक वर्ष विद्युत शार्ट-सर्किट व अन्य कारणों से किसानो की लाखों रूपये की खड़ी गेंहू की फसल आग की भेंट चढ़ती रहती है।
अपनी गाढ़ी मेहनत की कमाई को प्रत्येक वर्ष अग्नि के भेंट चढ़ता देखना किसानो की मजबूरी बन गयी है। क्षेत्रीय किसान एक बार फिर अपनी खून-पसीने की कमाई से पैदा की गयी गेंहू की फसल को आग से बचाने के लिए अग्निशमन केन्द्र की स्थापना का बांट जोहने को मजबूर हैं। देखना है कि सरकार आखिर कब तक निछुआडीह के प्रस्तावित अग्निशमन केन्द्र को बजट की हरि झंडी दिखाकर इसकी स्थापना कराती है।

