अपना जिला

सेना के जवान का शव गांव आते ही मचा कोहराम, अश्रुपूरित नैनों से लोगों ने दी श्रद्धांजलि

नदवासराय/मऊ। घोसी थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम भेलउर चंगेरी में उस समय मातम छा गया जब गांव के लाल वीरेन्द्र चौहान उम्र 35 वर्ष का शव बन्द ताबूत में रविवार को 12 बजे दिन में लाव-लश्कर के साथ पहुंचा। शव के पहुंचते ही किसान पिता उग्रह चौहान माता लालती देवी पत्नी किरन दो बच्चे दिवाकर (10), सुधाकर (6), भाई जयप्रकाश व शशिप्रकाश ताबूत देखकर दहाड़ मार कर रोने लगे, पत्नी किरन की हालत विलाप से और नाजुक दिख रही थी। गांव के लोगों के ऑसू निरन्तर बाहर आ रहे थे।
वीरेन्द्र चौहान बचपन से ही होनहार व मिलनसार था, सन् 2003 में सेना में भर्ती हुआ। परिवार का वही कमाऊ पूत था, जिसके कारण घर की दशा में सुधार हुआ। फरवरी 2018 में एक माह की छुट्टी पर घर आया था और अपने पोस्टिंग स्थल सिलॉग (मेघालय) के सेक्टर 0101 में एक माह पूर्व 20 मार्च को छुट्टी काट कर पहुंचा था। प्रमोशन के दौरान वहां उसकी पहली पोस्टिंग थी। 20 अप्रैल को प्रातः परेड के दौरान सिर व सीने में अचानक दर्द हुआ और वही अन्तिम सांस ले लिया।
वीरेन्द्र की शादी मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमिलो गांव में सन् 2000 में हुई थी। पत्नी के अलावा दो पुत्र पीछे छोड़ गये है। नौकरी से घर आने के बाद गांव के सभी लोगों से मिलना-जुलना उसके दैनिक कार्य में था। गांव के लाल के निधन से सभी ग्रामवासी व क्षेत्रवासी मातम में डूबे हैं। अन्तिम संस्कार मुक्तिधाम दोहरीघाट में सम्पन्न हुआ।
यूनिट से आये सूबेदार दिनेश कुमार ओझा ने बताया कि विरेन्द्र कुमार चौहान की अचानक मौत 20 अप्रैल प्रातः परेड के दौरान हुई, जब कि उनके सिर व सीने में दर्द उठा और वह छटपटाने लगे इसी बीच उनकी सांसे रूक गयी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक जायसवाल, ग्राम प्रधान झारखण्डे यादव, अनिल यादव, राजेश चौहान, लखन्दर यादव, घनश्याम चौहान, सुरेन्द्र चौहान, रामअवध, रामचन्दर, नरेष चौहान सहित भारी संख्या में शोकाकुल ग्रामवासी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *