अपना जिला

सफाई में प्रदेश की टॉप-टेन की सूची में शामिल हुआ मऊ नगर पालिका परिषद

● नगर पालिका अध्यक्ष मु0 तैय्यब पालकी ने उपलब्धि के बारे में दी जानकारी
( चंद्रशेखर श्रीवास्तव )
मऊ । नगर पालिकाध्यक्ष मु. तैय्यब पालकी ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय पर वार्ता के दौरान बताया कि मऊ नगर पालिका केन्द्रीय शहरी एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा जारी स्वच्छता सर्वे की रेटिंग में 2878.83 अंक प्राप्त कर स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में देश में 140वां व प्रदेश में 17 वां तथा प्रदेश की नगर पालिकाओ में 08 वां स्थान प्राप्त करके नाम रोशन किया है। जबकि स्वच्छता सर्वेक्षण 2017 में मऊ नगर पालिका को देश में 370 वां, वर्ष 2018 में देश में 276वां तथा प्रदेश में 16वां तथा पिछले वर्ष 2019 में देश में 125वां व प्रदेश में 11वां स्थान मिला था। नगर पालिका अध्यक्ष श्री पालकी ने प्रदेश की नगर पालिकाओं में नगर पालिका मऊ के 08वें स्थान की प्राप्ति को पालिका की बड़ी उपलब्धि बताते हुये इसका पूर्ण श्रेय पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विशेषकर नगर की जनता को दिया है। श्री पालकी ने बताया कि यह सफलता नगर की जनता की जागरूकता के कारण ही मिल पायी है। इसके लिये उन्होंने नगरवासियों को बधाई दिया है। साथ ही साथ अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा भी की है। बताया कि मऊ नगर को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराने पर तेजी से काम हो रहा है और नगर को सर्वगुण सम्पन्न नगर की श्रेणी में लाने की प्रक्रिया में भी तीव्रता लायी जा रही है। इसके लिये कूड़ा निस्तारण यंत्र और अन्य आवश्यक संसाधनों को जल्द ही उपलब्ध कराते हुये सफाई विभाग को मजबूती प्रदान की जायेगी। श्री पालकी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि अपने नगर को पूरे देश के लिये स्वच्छता के क्षेत्र में माडल के रूप में प्रदर्शित करना है जिसके लिये हमें अपनी जागरूकता और मेहनत बढ़ानी होगी। इसके लिये आप सभी पालिका कर्मी अपनी कमर बांध लें। उन्होंने अवाम से अपील करते हुये कहा कि यह सच है कि सफाई एवं नगर को अन्य नागरिक सुविधायें उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी नगर पालिका पर ही है, लेकिन हमारी मेहनत पूरी तरह तभी साकार हो पाती है जब नगर की अवाम सफाई के लिये जागरूक हो। आपकी जागरूकता का ही नतीजा है कि आज हम देश में कामियाबी के नये कीर्तिमान को स्थापित करने में सफल हुये हैं। हमारा लक्ष्य और भी बेहतर व्यवस्था प्रदान करते हुये आपके कदम से कदम मिलाकर चलने का है जिस में पूर्व की भांति आपसे पूर्ण सहयोग अपेक्षित है। इस बड़ी सफलता से प्रोत्साहित बोर्ड मऊ नगर पालिका को टाप-5 की सूची में लाने के लक्ष्य पर काम करने हेतु अभी से अपनी तैयारियों में जुट गया है। इसके लिये हम सभी सम्मानित सभासदगण, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षण संस्थानों, समाज सेवियों, बुद्धिजीवियों एवं उन सभी नागरिकों के आभारी हैं जिन्होंने मऊ नगर को स्वच्छ एवं सुन्दर तथा साफ-सुथरा बनाने व स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च रैंक प्राप्त करने में हमारे सहयोगी रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि आपका विशेष सहयोग प्राप्त रहा तो आगामी स्वछता सर्वेक्षण में मऊ नगर को टाप-पांच की सूची में विशेष स्थान दिला पाने में भी अवश्य सफलता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *