शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं का किया गया मार्गदर्शन
देवकली देवलास: एक अद्भुत धार्मिक स्थल फेसबुक पेज पर रविवार, 11 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को प्रेरणा-प्रोत्साहन देते हुए जीवन में सफलता पाने के गुण बताए गए व अन्य सामाजिक विषयों पर भी चर्चा हुई । इस कार्यक्रम में चर्चा हेतु अतिथि के रूप में देवकली देवलास गाँव के निवासी व आई.ई.एस. अधिकारी शशिकान्त यादव को आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने एमएनएनआई टी, प्रयागराज से बीटेक करने के बाद 2017 में आई.ई.एस. परीक्षा पास की और वर्तमान में पटियाला में केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग में सहायक कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं ।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में पेज के एडमिन और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, प्रयागराज में राजभाषा अधिकारी तथा हिंदी व भोजपुरी के सुप्रसिद्ध कवि ने आमंत्रित अतिथि का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया । चर्चा के दौरान शशिकान्त यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई श्रीकांत यादव एवं माता-पिता तथा अपने गुरुजनों को देते हुए यह कहा कि 12वीं तक की पढाई उन्होंने गाँव में ही की और अन्य बच्चों की तरह वे भी खेती किसानी के कामों में हाथ बँटाने के साथ-साथ पढ़ाई लिखाई भी करते रहे, लेकिन उनका लक्ष्य निश्चित था कि उन्हें पढ़-लिख के कुछ बनना है । अपनी लगन, मेहनत और समर्पण की वजह से उन्होंने यह कामयाबी हासिल की । शिक्षित युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अपने उद्देश्य के प्रति दृढ़ निष्ठा, लगन, समर्पण एवं ईमानदारी तथा कड़ी मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है। जीवन में कामयाब होने के लिए इनका पालन जरूरी है। उन्होंने भोजपुरी भाषा एवं महिलाओं के सशक्तिकरण तथा दहेज प्रथा जैसी कुरीति पर भी बात की और कहा कि युवा आगे आकर इस समस्या का समाधान कर सकते हैं।
दर्शकों ने अपने कमेन्ट के माध्यम से इस कार्यक्रम की बहुत सराहना की । उल्लेखनीय है कि देवकली देवलास: एक अद्भुत धार्मिक स्थल नामक यह फेसबुक पेज इस पवित्र स्थल को प्रसिद्ध करने और इसे बेहतरीन पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कला, शिक्षा, रोजगार, कृषि आदि के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने की दृष्टि से एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को इस मंच पर लाकर उन्हें आगे बढ़ाने में उनका मार्गदर्शन व सहयोग करने के उद्देश्य से बनाया गया है ।

