शब्द मसीहा की कहानी… कौन सिखा सकता है
मेट्रो में सुबह काफी भीड़ थी दफ़्तर जाने वालों की . बुजुर्गों और विकलांगों के लिए आरक्षित सीट भी भरी हुईं थी . तभी एक युवक एक बुजुर्ग महिला का हाथ पकड़े चढा . भीड़ अधिक होने से उन्हें खड़े होने में तकलीफ हो रही थी . समस्या यह भी थी कि महिलाओं की आरक्षित सीट पर भी महिलाएं बैठी थीं . वह युवक उन्हें थामें ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे आँखों-आँखों में याचना कर रहा हो .
“हेल्लो ! भाई साहब. ” एक महिला ने आवाज लगाई . वह उस ओर देखने लगा . उसने देखा कि महिला प्रिग्नेंट है . उसने हाथ से इशारा कर शुक्रिया किया और मुस्कुरा दिया .
“ओ माँ जी ! इसे शर्म लाग रही है . आ जाओ मैं खड़ी हो जाती हूँ. आपको ज्यादा जरुरत है इस सीट की .” महिला ने फिर आवाज दी .
बुजुर्ग महिला उस ओर बढ़ने लगी तो उसे भी आभास हो गया उसकी स्थिति का .
“बेटी ! इस सीट की जरुरत तो तुझे भी है . तू बैठी रह .”
“माँ जी ! फौजी बनाना है इसे . इसका बाप भी फौजी है . अभी से तकलीफ सहने की आदत डाल लेनी चाहिए और एक माँ से अच्छा कौन सिखा सकता
है ?” महिला ने हाथ पकड़कर उन्हें बिठा दिया . अब दो माएँ मुस्कुरा रही थी।
शब्द मसीहा

