Uncategorized

रमेश पटेल हत्याकांड के खुलासे व पुलिस की भ्रष्ट कार्यशैली के विरूद्ध चल रहा बेमियादी अनशन छठे दिन भी जारी

बिल्थरारोड / बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के तिरनई खिजिरपुर चट्टी पर रमेश पटेल हत्याकांड के खुलासे व पुलिस की भ्रष्ट कार्यशैली के विरूद्ध चल रहे बेमियादी अनशन शुक्रवार को छठे दिन भी जारी रहा। भारत आजाद पार्टी के नेतृत्व में चल रहे अनशन में वक्ताओं ने इसके लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने की चेतावनी दी। कहा कि मामले के खुलासे तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। वक्ताओं ने जनप्रतिनिधियों पर भी कटाक्ष करते हुए उन्हे इस मामले के खुलासे को लेकर अपनायी जा रही चुप्पी पर आक्रोश व्यक्त किया। आल इंडिया जन संघर्ष समिति के महासचिव राघवेन्द्र कुमार ने इस मामले को लेकर क्षेत्रीय विधायक व उनके पिता के विचार में ही असमानता का आरोप लगाते हुए उनकी अलग-अलग सोच व विचार को भी मुद्दा बनाया। कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार प्रदेश में राम राज्य लाने की बात करती है। श्रीराम अपने राज्य में प्रजा के हर सुख-दुख का ख्याल रखते थे। परन्तु इस शासनकाल में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि को जनता की परेशानियों की सुधि तक नही है। कहा कि क्षेत्रीय जनता एक हत्याकाण्ड के मामले को लेकर लगातार संघर्षरत है परन्तु क्षेत्र के लाखों लोगों का प्रतिनिधित्व करने वालों को इसकी चिंता तक नही है। कहा कि जब इस मामले का खुलासा सीओ रसड़ा व थानाध्यक्ष उभांव करने में सक्षम नहीं हैं तो पुलिस अधीक्षक बलिया जो कि एक महिला हैं तथा महिलाओं के दर्द से पूरी तरह वाकिफ हैं, को आगे बढ़कर मामले की खुद जांच-पड़ताल करनी चाहिए। इस दौरान भाआपा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को तीसरी बार अपनी चार सूत्रीय मांग रमेश पटेल हत्याकाण्ड प्रकरण की प्राथमिकी दर्ज करने, उपरोक्त प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने, रमेश हत्याकांड का शीघ्र पर्दाफास कर दोषियों को गिरफ्तार करने व उभांव थानाध्यक्ष को बर्खास्त कर थाना प्रशासन से भ्रष्टाचार खत्म करने सम्बन्धित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से भेजने का कार्य किया। अनशन पर बैठने वालों में मृतक की बहन लक्ष्मीना देवी, लालमती देवी, मंजू देवी, चम्पा देवी, ज्योति देवी, मुन्नर यादव, शिवमुनी रंजन, शिवकुमार प्रधान, हरिन्द्र कुमार, राजू यादव, सुखराम पटेल, हरिन्द्र राजभर, डा0 रामायन भारती प्रमुख रहे। अनशन स्थल पर उपस्थित लोगों में विनोद यादव मानव, भरत पटेल, स्वतंत्र पटेल, रामशरण, हरेन्द्र प्रसाद राजभर, हीरामन सिंह पटेल, वारिस अली, उदयभान यादव, जयसिंह पटेल, हरिन्द्र कुमार, सुखनंदन आदि प्रमुख रहे।

मृतक की बहन ने डीआईजी को पत्र भेज लगाई न्याय की गुहार…

चौकियामोड़। मृतक रमेश पटेल की छोटी बहन जो अपने भाई की हत्या का पर्दाफास करने व मामले की प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर पिछले छः दिनो से क्रमिक अनशन पर है ने अब एसपी बलिया के बाद डीआईजर आजमगढ़ को पत्र लिखकर मामले की प्राथमिकी दर्ज कराने व हत्याकाण्ड के खुलासे की गुहार लगायी है। डीआईजी को लिखे गये पत्र में उसने अपनी भाभी पर ही भाई की हत्या कराने का आरोप लगाया है। उसने हत्या का कारण भाई द्वारा भाभी के अवैध सम्बन्ध की जानकारी होने व भाई की सम्पति को हड़पने की नियत को बताया है। उसने डीआईजी से इस मामले के खुलासे के लिए लिए एक अलग जांच सेल गठित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *