ये हाथरस की बेटी का शव नहीं,भारत जल रहा है : ओमप्रकाश राजभर
■ योगी ने दोषी व्यक्तियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने और प्रभावी पैरवी करने के स्पष्ट निर्देश दिए

लखनऊ। सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने हाथरस की बेटी के साथ गैंगरेप और उसकी मृत्यु पर यूपी की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि जल गए सबूत, खाक हो गया न्याय और बचा लिए गए दरिंदे। आधी रात में घर वालों को पुलिस ने घर में बंद करके दलित बेटी को जला दिया। ये हाथरस की बेटी का शव नहीं, भारत जल रहा है, भारतीयता जल रही है, मानवता जल रही है। उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि आप किसको बचाना चाह रहे हैं? बेटी का शव तक परिवार को नसीब नहीं हुआ, परिजनों को कमरे में कैद करके अंतिम संस्कार पुलिस को आधी रात में करना पड़ा? ये सब योगी जी के इशारे पर हुआ? श्री राजभर ने कहा कि ऐसे ही भारत विश्व गुरु बनेगा? ऐसे ही रामराज्य आएगा? शर्मिंदा हूं कि सरकार बेशर्म है, पुलिस बेशर्मी हदें पार कर दी है। इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की माँग सुभासपा करती है। ओमप्रकाश राजभर के कड़े तेवर से उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर क्या फर्क पड़ती है यह तो वह ही जाने लेकिन इतना तो तय है कि हाथरस की घटना ने सरकार और कानून व्यवस्था दोनों की पोल खोल कर रख दी है।
उधर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने हाथरस की घटना के लिए दोषी व्यक्तियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने और प्रभावी पैरवी करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा हाथरस की घटना पर जांच हेतु तीन सदस्यीय SIT गठित की गई है जिसमें अध्यक्ष सचिव गृह भगवान स्वरूप एवं चंद्रप्रकाश, पुलिस उपमहानिरीक्षक व श्रीमती पूनम, सेनानायक पीएसी आगरा सदस्य होंगे। SIT अपनी रिपोर्ट 7 दिन में प्रस्तुत करेगी।

