माता जानकी पर अमर्यादित टिप्पणी के लिए उप मुख्यमंत्री इस्तीफा दें या माफी मांगे : रमाशंकर
बिल्थरारोड/बलिया। उप मुख्यमंत्री अपने बयान पर इस्तीफा दें या मांफी मांगे। हिन्दू धर्म भाजपा के ज्ञान का मोहताज नही है। मौलाना या पादरी किसी पार्टी के लिए वोट की अपील करते हैं तो भाजपा मुद्दा बनाती है जबकि वह खुद साधु सन्यासियों को एमपी, एमएलए या मुख्यमंत्री बनाती है। उक्त उदगार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद रमाशंकर राजभर पत्रकारों से बातचीत में कर रहे थे।
कहा कि माता जानकी पर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा की टिप्पणी अशोभनीय है। है। कहा कि हिन्दू हितैषी का ढोंग करने वाली भाजपा को माफी मांगना चाहिए तथा मां जानकी पर अमर्यादित टिप्पणी करने पर पार्टी को उप मुख्यमंत्री से तुरंत इस्तीफा लेना चाहिए। कहा कि भाजपा अपने तो साधु-सन्यासी को सीएम, एमपी व एमएलए बनाने का कार्य करती है परन्तु यदि कोई पादरी या मौलाना किसी पार्टी के लिए वोट देने की अपील कर देता है तो उसे मुद्दा बना हाय-तौबा मचाने लगती है। कहा कि हिन्दू धर्म काफी सम्वृद्धिशाली है तथा वह भाजपा के ज्ञान की मोहताज नही है। कहा कि भाजपा का यह कार्य लोगों का रोजी-रोजगार, अपराध, भ्रष्टाचार, मंहंगाई से ध्यान बटाने का तरीका हैं। बैरिया विधायक पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे खुद कानून अपने हाथ में लेते है जिसका परिणाम आज यह है कि राजस्वकर्मी हड़ताल हड़ताल पर है। कहा कि भाजपा की गलत नीतियों का ही परिणाम है कि महिनो डाक विभाग के कर्मचारियों को आंदोलन करना पड़ा वहीं सचिव व बीडीओ भी हड़ताल कर रहे हैं। आरोप लगाया कि गेंहू क्रय-केन्द्रों पर बिचौलियों की चांदी कट रही है तथा उनके माध्यम से गेंहू की खरीद फरोख्त चल रही है। कहा कि रोज नियम बदलने के चलते आज तक गरीबों के राशनकार्ड तक नही बन पाये हैं। चुटकी ली कि चार साल बर्बाद करने वाले आज अपनी उपलब्ष्धि गिनाने को चौपाल लगा रहे हैं। कहा कि जनता जानती है कि भाजपा की केन्द्र सरकार ने पिछले चार साल में उन्हे झुनझुना पकड़ाने के सिवा कोई कार्य नही किया है। कहा कि भू-माफिया पर कार्यवाही के नाम पर गरीबों को उसके बसने के स्थान से उजाड़ा जा रहा है। इस सरकार पर गरीबों का हर स्तर पर उत्पीड़न किया जा रहा है चेतावनी दी कि सपा इसको देखते हुए चुप नही बैठेगी तथा तहसीलों पर शीघ्र ही इन मुद्दों को लेकर आंदोलन का रूख अख्तियार करेगी।

