फोरेंसिक व सीओ की जांच से युवक की हत्या के रहस्य का पर्दा उठने के संकेत
(अशोक जायसवाल)
◆ घर के आंगन में विस्तर पर पाया गया था मृत
◆ पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या का हुआ खुलासा
◆ बलिया एसपी के निर्देश पर शुरू हुई थी कार्यवाही
बिल्थरारोड/बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के पलिया गांव में एक युवक की हत्या के मामले में एसपी बलिया के निर्देश पर फोरेंसिक जांच दल व सीओ रसड़ा के जांच के बाद पुलिस की अगली कार्यवाही पर लोगों की नजर टिकी गयी है। गुरूवार को मृतक के ब्रह्मभोज कार्यक्रम के सम्पन्न होने के बाद अब पुलिस की अगली रणनीति क्या रहती है आने वाला वक्त तय करेगा। इस सम्बन्ध में सीओ रसड़ा अवधेश चौधरी का कहना था कि पुलिस को जांच में इस रहस्य को सुलझान में बहुत कुछ सफलता प्राप्त हुई है। भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले सच सामने आ जायेगा।
पलिया निवासी रमेश पटेल 27 वर्ष चेन्नई में खिलौने बेच कर अपने परिवार का पेट पालता था। माता-पिता की मृत्यु के बाद गांव में सिर्फ उसकी पत्नी ही रह गयी थी। पति की अनुपस्थिति में वह गांव में एक व्यूटी-पार्लर का संचालन करती थी। पिछले दो माह पूर्व उसका पति चेन्नई से आकर गांव में ही रह रहा था। 4 मई शुक्रवार की रात रमेश गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने गया हुआ था उसके साथ उसकी पत्नी सोमारी भीं दुल्हन सजाने के कार्य से वहां गयी हुई थी। सोमारी के अनुसार जयमाल आदि के बाद रमेश रात को उसे घर छोड़कर पुनः शादी में शामिल होने चले गये थे। जाते समय वह घर के दरवाजे में बाहर से ताला लगाकर कर गये। इसी बीच रात में कब रमेश अपने घर आकर बरामदे में पड़ी चारपाई पर सो गया इसकी खबर उसकी पत्नी को नही लगी थी। सोमारी के अनुसार दूसरे दिन शनिवार की सुबह 6 बजे जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा की आंगन में उसका पति सोया हुआ है। उसने जब अपने पति को जगाने का प्रयास किया तो उसकी हालत देखकर उसके होंश उड़ गये। बिस्तर पर अपने पति को मृत देख उसने रोना शुरू कर दिया। इस दौरान शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी वहां जा पहुंचे। घटना के समय रमेश अपनी चारपाई पर मृत पड़ा था तथा उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी तथा उसकी गर्दन पर गहरा काला निशान भी मौजूद था। उस दौरान युवक की संदिग्ध मौत लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गयी। मौत के बारे में कोई कुछ बताने से परहेज कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची उभांव पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद मृतक का शव पीएम के लिए अपने कब्जे में ले लिया। घटना के सम्बन्ध में पुलिस का कहना था कि पीएम की रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा। सोमवार को जब पीएम रिपोर्ट में गला दबाने की पुष्टि की गयी तब युवक की हत्या होने की बात स्पष्ट हो गयी। माना जा रहा था कि पुलिस को इस दौरान मृतक के परिवार से कोई तहरीर न मिलने के चलते वह आगे की कार्यवाही नही कर रही थी। अंततः बुधवार को रमेश की मौत के चौथे दिन पत्नी सोमारी ने उभांव पुलिस को एक तहरीर देकर पति के थी। हत्यारों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। मृतक की पत्नी की तहरीर के बाद भी उभांव पुलिस द्वारा इस मामले कोई दिलचस्पी न दिखाये जाने को लेकर लोग हैरान थे। आखिर भारत आजाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने एसपी बलिया श्रीपर्णा गांगुली से मिलकर उन्हे इस घटना की पूर्ण जानकारी दी। एसपी बलिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच सीओ रसड़ा व फोरेंसिक टीम को सौंप दी। इस दौरान सीओरसड़ा ने उक्त शादीके कार्यक्रम में बनाये गये वीडियो की भी प्रति लेकर गहन जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम व सीओ की जांच में पुलिस को काफी सफलता मिलने के संकेत है। सीओ रसड़ा ने भी इस बात को स्वीकार करते हुए बताया कि पुलिस जल्द ही मामले की तह तक पहुंच जायेगी। गुरूवार के मृतक के ब्रह्मभोज कार्यक्रम के सम्पन्न होने के बाद अब पुलिस के अगली कार्यवाही का लोगों को बेसब्री से इंतजार है।

