पहली बार में ही मऊ की बेटी दिव्यांशी बनी नायब तहसीलदार
( आनन्द कुमार)
मऊ। अति पिछड़े गांव की कोई बेटी पहली बार में ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग 2019 की परीक्षा में नायब तहसीलदार बन जाए तो फिर क्या कहने। उसके इस सफलता पर बेटी के आंगन में खुशियों का मंजर कैसा होगा आसानी से सोचा जा सकता है। पहली बार में ही इस मुकाम पर परिजनों सहित शुभचिंतकों, मित्रों के पांव जमीन पर नहीं पड़ रहे होंगे। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है मऊ जनपद के घोसी तहसील अंतर्गत बड़रांव ब्लॉक के ग्राम सभा टेंगना निवासी रतनपुरा क्षेत्र के थलईपुर इंटर कॉलेज में लिपिक उमेश सिंह तोमर की बेटी दिव्यांशी सिंह ने। प्राथमिक शिक्षा गांव से प्राप्त करने के बाद हाई स्कूल व इंटर की शिक्षा मऊ नगर के देव पब्लिक स्कूल से करने वाली दिव्यांशी हाई स्कूल इंटर में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त की थी। उसके बाद उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से भूगोल में स्नातक करने के बाद स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय दिल्ली चली गई। जहां से दिल्ली से इग्नू से पीएचडी कर रही है। 2019 के पीसीएस परीक्षा में पहली बार में ही 65 वीं रैंक लाकर मऊ की बेटी दिव्यांशी ने पिछड़े गांव का मान मर्दन ऊंचा कर मऊ का नाम रोशन किया है। दिव्यांशी श्री केदारनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज के संस्थापक व प्रबंधक स्वर्गीय राम मूर्ति सिंह की पौत्री है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय भगवान को देते हुए बताया कि उनके माता-पिता के अथक सहयोग के साथ ही पूरे परिवार के सहयोग व आशीर्वाद से वे यह सफलता पा सकी हैं। दिव्यांशी ने बताया कि उनकी मंजिल अभी अधूरी है वह आगे की तैयारी जारी रखेंगी।

उनके इस सफलता पर बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के प्रतिनिधि शिव प्रकाश उपाध्याय उर्फ सुब्बी बाबा, घोसी के विधायक विजय राजभर, अभिषेक सिंह, डॉक्टर वशिष्ठ नारायण सिंह, संतोष सिंह, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दुर्ग विजय राय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, अमरनाथ सिंह, आनंद सिंह, भाजपा नेत्री बिंदु सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, श्रीमती नीलम सिंह, श्रीमती प्रतिमा सिंह, विजय सिंह, हरेन्द्र सिंह, भरत, संजय, आदि प्रमुख रहे।


