अरशद के आवास पर पानी बचाओ की बैठक, पालकी के नेतृत्व में अभियान को आगे बढ़ाने की रणनीति
मऊ। पानी की समस्या को देखते हुए पानी बचाने के लिए एक मुहिम शुरू करने के उद्देश्य से एक बैठक पूर्व पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल के आवास मसकन पर आयोजित की गई।
मीटिंग में सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि पानी की कमी एक जटिल समस्या है, जिसे बचाने के लिए सभी लोगों को बिना भेदभाव आगे आकर इस पुण्य कार्य में भाग लेना चाहिए।
इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए आज 19 जून को शाम 5 बजे एक प्रतिनिधिमंडल पालिकाध्यक्ष मो. तय्यब पालकी से मिलकर इस पर विचार-विमर्श करेगा और इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष के निर्देशन में कार्य करेगा।
आगे की रणनीति पर विचार विमर्श के लिए नगरपालिका के मीटिंग हाल में 30 जून को पानी बचाओ मुहिम पर एक कार्यशाला रखने पर भी रणनीति बनेगी। इस कार्यशाला में समाज के हर वर्ग को आमंत्रित करके उनके सुझाव लिये जाएंगे।
बैठक में ये भी तय हुआ कि पानी बचाने के लिए सबसे पहले किसी एक मस्जिद के पास वज़ू के पानी को सुरक्षित करने के लिए हार्वेस्टिंग सिस्टम नमूने के रूप में तैयार करवाया जाए।
इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए विशेष रूप से आज पूर्व पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल, डीसीएसके पीजी कॉलेज मऊ में इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डाक्टर मोहम्मद ज़्याउल्लाह, सईदुज़्ज़फर पत्रकार, जमीयत अहले-हदीस मऊ के सचिव मौलाना सरफराज़ अहमद फैज़ी, तालीमुद्दीन इण्टर कालेज मऊ के प्रधानाचार्य मास्टर मज़हर, जावेद चंदन, ज़की अहमद एडवोकेट, साजिद गुफरान, ज़ाहिद इंजीनियर, मुफ्ती आमिर, एजाज़ अहमद आदि उपस्थित थे।

