Uncategorized

अतीक के करीबी भूमाफिया की 15 एकड़ में अवैध प्लाटिंग उजाड़ी

इलाहाबाद। शासन के निर्देश पर चिह्नित भूमाफिया अब एडीए के निशाने पर आ गए हैं। एडीए ने मंगलवार को कालिंदीपुरम में बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 एकड़ में अवैध प्लाटिंग उजाड़ दी। कई चाहरदीवारी और निर्माण जमींदोज कर दिए गए। पांच मकानों में लोग रहते मिले, इसलिए उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं राजरूपपुर पुलिस चौकी के पास सड़क चौड़ीकरण में बाधा बनी छह दो मंजिला दुकानें भी ध्वस्त कराई गईं। कार्रवाई के दौरान अफरातफरी मची रही। वहां जुटी भीड़ को पुलिस ने लाठियां पटककर हटाया।

एडीए ने सड़क चौड़ीकरण के लिए राजरूपपुर में सौ से अधिक लोगों को सरकारी जमीन से कब्जा हटा लेने का नोटिस जारी किया था। तमाम प्रयास के बाद राहत नहीं मिली तो लोगों ने शटर, खिड़की, दरवाजे आदि तो उखाड़ लिए लेकिन निर्माण नहीं तोड़े। एडीए अफसरों के पूछने पर लोगों ने बताया कि मजदूर नहीं मिल रहे हैं। इस पर जोनल अफसर जेआर मौर्या के नेतृत्व में गए प्रवर्तन दल ने सड़क चौड़ीकरण में बाधा बनी दुकानों को ध्वस्त करा दिया। इस दौरान लोगों ने विरोध भी किया लेकिन पुलिस के आगे उनकी एक न चली।

एक अन्य कार्रवाई में कालिंदीपुरम में पूर्व सांसद बाहुबली अतीक अहमद के करीबी मो.राशिद, इमरान और जकी की अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। एडीए अफसरों के मुताबिक अवैध प्लाटिंग करने के आरोपी भू माफिया के खिलाफ धूमनगंज थाने में पहले ही एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी थी। नोटिस के बाद भी जमीन पर किए गए कब्जे हटाने के बजाए निर्माण कराए जा रहे थे। मंगलवार को वहां पुलिस के साथ पहुंची एडीए की टीम ने कई चहारदीवारी के साथ कई निर्माण ध्वस्त करा अवैध प्लाटिंग उजाड़ दी। इस दौरान पांच मकानों में लोग परिवार के साथ रहते मिले। उन्हें वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई लेकिन लोगों के मिन्नत करने पर ध्वस्तीकरण स्थगित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *