भव्य हिंदू सम्मेलन: मऊ नगर में उमड़ा जनसैलाब, राष्ट्र व संस्कृति की रक्षा का लिया गया संकल्प
मऊ। जनपद मुख्यालय मऊ नगर में आज एक विशाल और भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और अनुशासनपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में भारी संख्या में नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं एवं विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से पूरा नगर “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।
हिन्दू सम्मेलन की अध्यक्षता डी.सी.एस.के. (DCSK) पीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य सर्वेश पाण्डेय ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में शिक्षा के साथ संस्कारों के समन्वय पर बल देते हुए युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बलिया विभाग के विभाग प्रचारक अंबेश ने कहा की हिंदू समाज की एकजुटता, सामाजिक समरसता और संगठन की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “संगठित समाज ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रख सकता है।”
विशिष्ट अतिथि प्रख्यात संत एवं कथावाचक श्री रितेश जी महाराज ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपने आशीर्वचनों से जनमानस को प्रेरित किया। उन्होंने सनातन मूल्यों को जीवन में उतारने का संदेश देते हुए आग्रह किया कि प्रत्येक परिवार सप्ताह में एक दिन निश्चित कर पूरे परिवार के साथ मंदिर अवश्य जाए।
सम्मेलन के दौरान समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, स्वदेशी भावना को सुदृढ़ करने तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्र सेवा एवं सांस्कृतिक संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे, जिनमें नगर कार्यवाह अम्बरीष, मधुकर, प्रकाश चंद्र राय, सुनील यादव, मनोज राय, प्रवीण गुप्ता, संजीव जायसवाल, संजय पाण्डेय, सुनील दुबे, धर्मेंद्र राय, रमेश राय, उत्तम सिंह, विकास सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। साथ ही हजारों की संख्या में मातृशक्ति एवं युवा वर्ग की सहभागिता उल्लेखनीय रही।


