नेपाल में शिक्षा भूषण व साहित्य अनुरागी सम्मान से सम्मानित हुयी मऊ की डॉ रागिनी मिश्रा
मऊ। त्रिभुवन विश्वविद्यालय कीर्तिपुर काठमांडू नेपाल व श्री राम सुहाग तिलक कालेज आफ एजुकेशन औवा जहानागंज के संयुक्त तत्वावधान में पिछले दिनों 03-04 अप्रैल को नेपाल में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में जनपद मऊ की सरवां निवासी मानस मंदाकिनी रागनी सरस्वती डॉ रागिनी मिश्रा को शिक्षा भूषण व साहित्य अनुरागी सम्मान से सम्मानित किया गया। उनको मिले इस सम्मान से मऊ सहित आस पास के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है तथा कहा कि इस सम्मान से भारत का सम्मान भी बढ़ा है। संगोष्ठी में विश्व के विभिन्न देशों से लोग शामिल हुए थे। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में जनपद मऊ की सरवां निवासी व साहित्यकार व अंतरराष्ट्रीय कथावाचक शामिल रही, जिन्हें प्रखरवक्ता के रूप में शिक्षा भूषण व साहित्य अनुरागी सम्मान से सम्मानित किया गया। डॉ रागिनी मिश्रा छः वर्ष की उम्र से ही देश व विदेश के विभिन्न हिस्सों में कथा वाचन कर रही हैं। डॉ मिश्रा ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक व परास्नातक करने के पश्चात जे आर एफ (यूजीसी) परीक्षा उत्तीर्ण कर राम कथा पर शोध कार्य किया। वर्तमान में शैक्षिक क्षेत्र में भी कार्यरत हैं। डॉ मिश्रा बताती हैं कि सनातन धर्म का प्रचार प्रसार ही उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य है। इस मौके पर देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलसचिव, कुलपति सहित अन्य शिक्षाविद् शामिल रहे।


