चर्चा में

ममता बनर्जी ने योगी की यात्रा पर रोक लगाकर यूपी की जनता का अपमान किया : यशवंत सिंह

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंगाल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यात्रा पर रोक लगाकर उत्तरप्रदेश के जन-जन का अपमान किया है। ममता सरकार को कोसते हुए विधान परिषद सदस्य व पूर्व मंत्री यशवंत सिंह ने कहा कि सियासत में सत्ता के लिए इंसान किस हद तक नीचे गिर सकता है आज इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। श्री सिंह ने कहा कि हताशा व निराशा से पूरी तरह घिरी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जिस तरह पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का और अब यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर को पश्चिम बंगाल में उतरने से रोककर एक ओछी एवं कुत्सित राजनीति का परिचय दिया है। लोकतंत्र में इस तरह का कृत्य निंदनीय है जो भविष्य के लिए अशुभ संकेत है।
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यात्रा पर रोक लगाकर पूरे यूपी की जनता का अपमान किया है इससे इस बात का स्पष्ट संकेत मिलने लगा है कि जिस तरह भारत की जनता ने आपातकाल के दौरान तानाशाही के खिलाफ सबक सिखाने का काम किया था उसी तरह पश्चिम बंगाल की जनता भी आने वाले दिनों में ऐसी तानाशाही सरकार को भरपूर सबक सिखाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *